दुर्गापुर में आसनसोल-दुर्गापुर विकास प्राधिकरण की 161वीं बोर्ड बैठक मंत्री की मौजूदगी में कई विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा
*बंगाल मिरर, दुर्गापुर, राजा बंदोपाध्यायः*आसनसोल-दुर्गापुर विकास प्राधिकरण (एडीडीए) की 161वीं बोर्ड बैठक में राज्य की नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने आसनसोल और दुर्गापुर औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति तथा भूमि संबंधी समस्याओं को दूर करने के मुद्दों पर चर्चा की।शनिवार शाम दुर्गापुर स्थित आसनसोल-दुर्गापुर विकास प्राधिकरण (एडीडीए) भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित इस बैठक में पश्चिम बर्धमान के जिलाधिकारी एस. पोनाबलम, एडीडीए की सीईओ अदिति चौधरी, आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखोपाध्याय, दुर्गापुर पूर्व के विधायक चंद्रशेखर बंद्योपाध्याय, दुर्गापुर पश्चिम के विधायक लक्ष्मण चंद्र घोरुई सहित जिले के छह विधायक, जिला प्रशासन, आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट तथा एडीडीए के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।














बैठक में भूमि विवादों के कारण रुकी हुई विभिन्न सरकारी परियोजनाओं, अधूरे सड़क निर्माण कार्यों तथा चल रही विकास परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक के बाद मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि आसनसोल और दुर्गापुर के विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई है। जिला प्रशासन के अधिकारियों और विधायकों को कई आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। पश्चिम बर्धमान जिले में कई स्मार्ट बस स्टैंड बनाए जाएंगे। सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
अंडाल स्थित काजी नजरुल इस्लाम हवाई अड्डे को और अधिक आधुनिक बनाया जाएगा तथा उड़ान सेवाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि जहां भी भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं, उनकी जांच कराई जाएगी। इसके अलावा जिले की विभिन्न नदियों के किनारे विकास परियोजनाएं शुरू करने तथा कई नए पुलों के निर्माण की भी योजना है।
कुल मिलाकर पश्चिम बर्धमान जिले को एक नए स्वरूप में विकसित करने की पहल की जा रही है।मंत्री ने बताया कि विकास कार्यों की गति तेज करने के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समन्वय से त्वरित निर्णय लेने तथा परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन पर जोर दिया गया है, ताकि जिले के इन दोनों औद्योगिक क्षेत्रों के लोगों को इसका लाभ मिल सके।


