ASANSOL

मैथन में डीवीसी के अतिक्रमण हटाओ अभियान पर हंगामा, अधिकारियों को घेरकर स्थानीय लोगों का विरोध, पुलिस की मध्यस्थता से सुलझा विवाद

*बंगाल मिरर, मैथन, राजा बंदोपाध्यायः*डीवीसी (दामोदर वैली कॉरपोरेशन) के अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर रविवार को मैथन के लेफ्ट बैंक क्षेत्र में भारी तनाव फैल गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि डीवीसी अपने आवासीय क्वार्टरों को तोड़ने के साथ-साथ आम लोगों के निजी मकानों और दुकानों को भी तोड़ने की धमकी दे रहा है। इसी के विरोध में शनिवार से चल रहे अभियान के दौरान स्थानीय निवासियों ने सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।जानकारी के अनुसार, लेफ्ट बैंक क्षेत्र में डीवीसी की सुरक्षा टीम और राज्य पुलिस की बड़ी संख्या में मौजूदगी के बीच अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।

इस दौरान लगभग 110 डीवीसी आवासों (क्वार्टरों) को तोड़ने की प्रक्रिया शुरू हुई। लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि अपने क्वार्टरों को हटाने के अलावा डीवीसी के अधिकारी इलाके में बने निजी मकानों और दुकानों में जाकर उन्हें भी जल्द तोड़ देने की धमकी दे रहे हैं।बिना किसी पूर्व सूचना के इस तरह की चेतावनी मिलने से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी फैल गई। स्थानीय निवासी शिप्रा मुखोपाध्याय ने कहा, “डीवीसी बिना कोई नोटिस दिए हमारे निजी मकानों को तोड़ने की धमकी दे रहा है।

पहले वह यह साबित करे कि यह जमीन वास्तव में डीवीसी की है और उसके संबंधित दस्तावेज दिखाए। हमारी जानकारी के अनुसार यहां वन विभाग और वेस्टेड (खास) जमीन भी है, जहां पिछले 50 वर्षों से कई गरीब परिवार अपने घर और दुकान बनाकर रह रहे हैं। अब अचानक डीवीसी की नजर इस जमीन पर पड़ी है।”स्थिति लगातार तनावपूर्ण होती देख मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया।

पुलिस की मध्यस्थता में सड़क पर ही डीवीसी अधिकारियों और स्थानीय लोगों के बीच बातचीत हुई। इस दौरान डीवीसी अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि किसी भी निजी मकान या दुकान को बिना कानूनी नोटिस के फिलहाल नहीं तोड़ा जाएगा।डीवीसी की इस मौखिक आश्वासन के बाद स्थिति कुछ हद तक सामान्य हुई और प्रदर्शनकारियों ने अपना आंदोलन वापस ले लिया। हालांकि इलाके में अब भी तनाव का माहौल बना हुआ है।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *