ASANSOLDURGAPUR

दुर्गापुर में 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग के टोल प्लाजा पर सड़क दुर्घटना, मचा हड़कंप

*बंगाल मिरर, दुर्गापुर, राजा बंदोपाध्याय:* पश्चिम बर्दवान जिले के दुर्गापुर में कांकसा थाना क्षेत्र के 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बांसकोपा टोल प्लाजा पर सड़क दुर्घटना हुई। सोमवार दोपहर हुई इस दुर्घटना में तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर एक कंटेनर आसनसोल की ओर से कोलकाता की तरफ जा रहा था। दुर्गापुर के 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांकसा थाना क्षेत्र के बांसकोपा टोल प्लाजा के पास चालक ने नियंत्रण खो दिया और कंटेनर ने एक पिकअप वैन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। कंटेनर की टक्कर से पिकअप वैन डिवाइडर के ऊपर चढ़ गई और विपरीत दिशा से आ रहे एक गैस टैंकर से जा टकराई। गैस टैंकर हल्दिया से गोरखपुर जा रहा था।

इस दुर्घटना में तीनों वाहनों के चालकों और खलासियों समेत कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर कांकसा थाना और कांकसा ट्रैफिक गार्ड की पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटनास्थल से घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना की खबर मिलने पर कांकसा ट्रैफिक गार्ड के एसीपी भी घटनास्थल पर पहुंचे। इसके अलावा दमकल की एक गाड़ी भी मौके पर पहुंची।दुर्घटना के कारण बांसकोपा टोल प्लाजा पर काफी देर तक यातायात जाम रहा।

इसके बाद क्रेन मंगाई गई। ट्रैफिक गार्ड पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर जल्द ही यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया।दमकल, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गैस टैंकर में गैस भरी होने के कारण एक बड़ी आशंका बनी हुई थी। हालांकि, समय रहते तेजी से स्थिति पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई बड़ी घटना नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *