Railpar में सज्जाद चिकनी के अवैध लोहा कांटा पर दबिश ! ‘बड़े सरगना’ पर कब होगी कार्रवाई ?
Burnpur और काली पहाड़ी में भी छापा
बंगाल मिरर, एस सिंह आसनसोल। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (DD) ने सोमवार देर रात अवैध लोहा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हीरापुर, काली पहाड़ी और रेलपार इलाके में एक साथ छापेमारी की। इस दौरान भारी मात्रा में संदिग्ध लोहा बरामद किया गया।सबसे पहले हीरापुर थाना क्षेत्र के नर्सिंगबांध-कलाली इलाके में छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक कबाड़ गोदाम से कथित तौर पर बर्नपुर स्थित इस्को स्टील प्लांट का चोरी का लोहा बरामद करने का दावा किया। इस मामले में गोदाम संचालक बताए जा रहे सोनू साव को गिरफ्तार किया गया।













गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद DD की टीम काली पहाड़ी पहुंची, जहां एक अन्य कबाड़ गोदाम से भी भारी मात्रा में संदिग्ध लोहा जब्त किया गया।इसके बाद पुलिस की दूसरी टीम ने आसनसोल नॉर्थ थाना के रेलपार इलाके में छापेमारी की। यहां सज्जाद उर्फ चिकना से जुड़े बताए जा रहे एक गोदाम से भी बड़ी मात्रा में संदिग्ध लोहा बरामद किया गया। हालांकि, इस कार्रवाई में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद लोहे की पहचान कर यह पता लगाया जा रहा है कि यह किन-किन फैक्ट्रियों से चोरी हुआ और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
अवैध स्क्रैप कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।वहीं, रेलपार में हुई कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी तेज है कि यदि पुलिस को बड़े पैमाने पर संदिग्ध लोहा मिला है, तो इस पूरे नेटवर्क के कथित सरगनाओं तक कार्रवाई आखिर कब पहुंचेगी। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


