DURGAPUR

Durgapur NIA Raid न्यू स्टील पार्क इलाके में मचा हड़कंप

बंगाल मिरर, दुर्गापुर, राजा बंदोपाध्याय: सोमवार सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की एक टीम ने दुर्गापुर के न्यू स्टील पार्क इलाके में छापेमारी कर इलाके में सनसनी फैला दी। यह कार्रवाई दुर्गापुर स्टील प्लांट के निकट स्थित गोलाम जमा उर्फ गुड्डू के किराए के मकान पर की गई।सूत्रों के अनुसार, एक महिला अधिकारी सहित कुल छह सदस्यीय NIA टीम सुबह घर पहुंची और कई घंटों तक तलाशी एवं पूछताछ की। अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस भी मौके पर तैनात रही। हालांकि, NIA ने आधिकारिक तौर पर इस कार्रवाई के कारणों का खुलासा नहीं किया है।

स्थानीय निवासी शमीम आलम ने बताया कि गोलाम जमा की पत्नी ने पहले बताया था कि गुड्डू लगभग छह महीने तक मलेशिया में रहा था, जहां वह टायर की दुकान में काम करता था। उनका कहना है कि गोलाम जमा मूल रूप से बिहार का रहने वाला है, जबकि छत्तीसगढ़ में भी उसका एक मकान होने की बात सुनने में आई है। उन्होंने कहा कि इलाके के लोगों से उसका ज्यादा मेलजोल नहीं था।

सूत्रों के मुताबिक, गोलाम जमा का नाम छत्तीसगढ़ में किसी कथित नक्सल या अन्य गंभीर मामले की जांच के दौरान सामने आया था। इसके अलावा उस पर मध्य-पूर्व के देशों में ठेका मजदूर भेजने के नाम पर मानव तस्करी (ह्यूमन ट्रैफिकिंग) के नेटवर्क से जुड़े होने के भी आरोप लगाए जा रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और जांच अभी जारी है।एक अन्य स्थानीय निवासी सलाउद्दीन अंसारी ने दावा किया कि उन्होंने सुना था कि गोलाम जमा का संबंध छत्तीसगढ़ की एक ट्रैवल एजेंसी के जरिए फर्जी पासपोर्ट तैयार करने के मामले से भी रहा है। उनका कहना है कि करीब छह महीने पहले उसने अपना मोबाइल सिम बदल लिया था और कुछ समय तक इलाके से गायब भी रहा था।

जानकारी के अनुसार, गोलाम जमा लगभग चार वर्ष पहले न्यू स्टील पार्क स्थित इस मकान में किराए पर रहने आया था। बताया जा रहा है कि अंडाल में उसके एक रिश्तेदार की टायर मरम्मत की दुकान भी है।फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गोलाम जमा किन गतिविधियों में शामिल था और NIA की जांच का मुख्य आधार क्या है। माना जा रहा है कि एजेंसी फर्जी पासपोर्ट, विदेशों में श्रमिक भेजने के नेटवर्क और अन्य संभावित गतिविधियों के संबंध में जांच कर रही है।सुबह-सुबह केंद्रीय जांच एजेंसी की इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। खबर लिखे जाने तक NIA की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था और जांच जारी है।

Social Share or Summarize with AI

News Editor

Mr. Chandan | Senior News Editor Profile Mr. Chandan is a highly respected and seasoned Senior News Editor who brings over two decades (20+ years) of distinguished experience in the print media industry to the Bengal Mirror team. His extensive expertise is instrumental in upholding our commitment to quality, accuracy, and the #ThinkPositive journalistic standard.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *