ASANSOLBARABANI-SALANPUR-CHITTARANJAN

सलानपुर में फिर पुलिस की कार्रवाई अवैध बालू से लदा ट्रैक्टर जब्त, चालक गिरफ्तार

*बंगाल मिरर, सलानपुर, राजा बंदोपाध्यायः*अवैध बालू कारोबार के खिलाफ सलानपुर थाना पुलिस का अभियान लगातार जारी है। गुप्त सूचना के आधार पर एक बार फिर सफल कार्रवाई करते हुए रूपनारायणपुर फांड़ी पुलिस ने बालू से लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया। इस मामले में ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार चालक का नाम उमेश सोरेन है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार तड़के करीब 4 बजे रूपनारायणपुर फांड़ी की एक टीम ने गुप्त सूचना मिलने पर जीतपुर इलाके में अचानक छापेमारी की। अभियान के दौरान बालू से लदा एक ट्रैक्टर रोका गया।

पुलिस ने चालक से बालू परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद चालक को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया।गिरफ्तार उमेश सोरेन को बुधवार को आसनसोल अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने अवैध बालू तस्करी के इस गिरोह की जड़ों तक पहुंचने और मामले की विस्तृत जांच के लिए आरोपी को 7 दिनों की पुलिस हिरासत में लेने की मांग की है।जांच में यह भी पता चला है कि जब्त ट्रैक्टर का मालिक लाल्टू मान्ना नामक व्यक्ति है, जिसके स्थानीय सत्तारूढ़ दल से जुड़े होने का दावा सूत्रों ने किया है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सुकुमार मंडल नामक एक व्यक्ति ने जीतपुर इलाके में अवैध रूप से बड़ी मात्रा में बालू का भंडारण कर रखा था। रूपनारायणपुर से सटे इलाके में पुलिस की नजर से बचने के लिए यह कारोबार आमतौर पर रात के अंधेरे में चलाया जाता था। आरोप है कि कई दिनों से जमा की गई इस बालू को रात के समय ऊंचे दामों पर तस्करी कर बेचा जा रहा था।इस अवैध बालू सिंडिकेट के पीछे और किन लोगों का हाथ है तथा इस बालू का मूल स्रोत क्या है, इसकी जांच सलानपुर थाना की रूपनारायणपुर फांड़ी पुलिस ने शुरू कर दी है।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *