बीरभूम में 5 करोड़ की नकदी और 22 करोड़ का सोना बरामद, छापेमारी जारी
बंगाल मिरर, बीरभूम: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के मोहम्मदबाजार इलाके में मंगलवार देर रात पुलिस की छापेमारी के दौरान करोड़ों रुपये की नकदी और भारी मात्रा में सोना बरामद होने का दावा किया गया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने देउचा क्षेत्र में पत्थर कारोबारी टुलु मंडल के रिश्तेदार मिनार मंडल के घर पर छापा मारा।













बताया जा रहा है कि घर से नोटों के बंडल बड़ी संख्या में मिले, जिन्हें गिनने के लिए पांच नोट गिनने वाली मशीनें मंगाई गईं। नकदी को ले जाने के लिए बड़े ट्रंक भी लाए गए।सूत्रों का यह भी दावा है कि छापेमारी के दौरान करीब 8 से 10 किलोग्राम सोना बरामद हुआ है। वहीं मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि इस कार्रवाई में 15 किलोग्राम सोना मिलने की जानकारी मिली है। हालांकि इन दावों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।स्थानीय लोगों के अनुसार, मिनार मंडल पेशे से सरकारी बस चालक हैं और साथ ही पत्थर के कारोबार से भी जुड़े हुए हैं। उनका नाम टुलु मंडल के पत्थर खदान कारोबार से भी जोड़ा जाता रहा है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बरामद नकदी और सोने का स्रोत क्या है तथा कहीं यह अवैध कमाई या किसी संगठित नेटवर्क से जुड़ा मामला तो नहीं।
टुलु मंडल का नाम पहले भी अवैध पत्थर खनन और कथित पशु तस्करी से जुड़े मामलों में सामने आ चुका है। वर्ष 2022 में भी केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी ने उनके आवास और कार्यालयों पर छापेमारी की थी।इस घटना पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है और सरकारी संपत्ति या जनता के धन की लूट कर अवैध संपत्ति बनाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं भाजपा ने पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच की मांग की है। पार्टी नेताओं का कहना है कि यदि बरामद धन भ्रष्टाचार से जुड़ा है तो उसे जब्त कर जनता के हित में उपयोग किया जाना चाहिए।फिलहाल पुलिस की तलाशी और जांच जारी है तथा आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।


