आसनसोल राइफल क्लब में 58वीं पश्चिम बंगाल राज्य शूटिंग चैंपियनशिप 2026 का उद्घाटन, एक ही मंच पर सांसद, मंत्री और विधायक
*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्यायः* आसनसोल राइफल क्लब में सोमवार से 58वीं पश्चिम बंगाल राज्य शूटिंग चैंपियनशिप 2026 का शुभारंभ हुआ। आसनसोल राइफल क्लब और वेस्ट बंगाल राइफल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह प्रतियोगिता 3 अगस्त से 9 अगस्त तक चलेगी। राज्य के विभिन्न जिलों से आए 1,000 से अधिक प्रतिभाशाली निशानेबाज इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं।सोमवार सुबह आयोजित उद्घाटन समारोह में आसनसोल के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा, राज्य के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार तथा आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखोपाध्याय उपस्थित रहे।














कार्यक्रम का विशेष आकर्षण यह रहा कि तीनों अतिथियों ने स्वयं राइफल उठाकर निशाना लगाया और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।उद्घाटन समारोह में खेलों के माध्यम से एकता का संदेश भी दिया गया। तृणमूल कांग्रेस के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा तथा भाजपा के मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार और विधायक कृष्णेंदु मुखोपाध्याय एक ही मंच पर उपस्थित होकर खेल को राजनीति से ऊपर रखने का संदेश दिया और सभी प्रतिभागियों की सफलता की कामना की।
इस वर्ष प्रतियोगिता का आयोजन इसलिए भी विशेष महत्व रखता है क्योंकि आसनसोल राइफल क्लब अपनी स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहा है। वर्ष 1951 में स्थापित इस क्लब ने देश को अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के निशानेबाज दिए हैं। आयोजकों का कहना है कि आने वाले समय में भी यह क्लब नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को प्रेरित करता रहेगा।वेस्ट बंगाल राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष पप्पू उर्फ वी.के. ढल ने बताया कि प्रतियोगिता में 10 मीटर एयर राइफल, 10 मीटर एयर पिस्टल, 50 मीटर प्रोन, 50 मीटर थ्री पोजिशन (3पी) तथा 25 मीटर पिस्टल सहित सभी प्रमुख स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की आधुनिक शूटिंग रेंज और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।उद्घाटन समारोह में अशोक चट्टोपाध्याय, अनुपम पांडे, पवन गुटगुटिया, विजय शर्मा, जगदीश बागड़ी, श्यामल सिन्हा, दयाप्रभु महाराज सहित खेल जगत की अनेक प्रमुख हस्तियां मौजूद थीं। कार्यक्रम में खेल प्रेमियों और दर्शकों का उत्साह भी देखने लायक था।
विधायक कृष्णेंदु मुखोपाध्याय ने कहा कि आसनसोल धीरे-धीरे खेलों का एक प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है और यहां के खिलाड़ी भविष्य में राज्य तथा देश का नाम रोशन करेंगे।मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने कहा, “खेल ही वास्तविक एकता का प्रतीक है और आज का यह मंच उसी संदेश को प्रस्तुत कर रहा है।”सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा, “सिर्फ निशाने पर ही नहीं, बल्कि अपने सपनों पर भी लक्ष्य साधकर आगे बढ़ना होगा। इसी के माध्यम से आप राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।”

