अधिक ब्याज का लालच देकर 3 लाख से अधिक की ठगी का आरोप, कुल्टी की महिला ने पुलिस से लगाई गुहार
*बंगाल मिरर, कुल्टी, राजा बंदोपाध्यायः* अधिक ब्याज का लालच देकर निवेश कराने के नाम पर एक निजी कंपनी के खिलाफ एक महिला से ठगी करने का आरोप लगा है। आरोप है कि कुल्टी थाना क्षेत्र के शाकतोरिया निवासी इसरात जहां नामक महिला से लगभग 3 लाख 10 हजार रुपये निवेश कराए गए, लेकिन वादे के मुताबिक ब्याज नहीं दिया गया और उनके साथ धोखाधड़ी की गई। घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है।पीड़ित महिला ने आरोपी व्यक्ति और संबंधित कंपनी के खिलाफ साइबर थाना तथा कुल्टी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।














सोमवार को महिला ने बताया कि उन्हें अधिक ब्याज का लालच देकर निवेश कराया गया। इसके अलावा उनके नाम पर मोबाइल फोन खरीदने के लिए ऋण (लोन) का बोझ भी डाल दिया गया। उन्होंने कहा कि उन्हें बताया गया था कि कंपनी के कार्यालय कोलकाता और दुर्गापुर में हैं। चूंकि उनका निवेश कम था, इसलिए उन्हें कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं बताई गई।महिला का कहना है कि उन्होंने थाना और साइबर विभाग में शिकायत दर्ज कर दी है और पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिकायत में जिस कंपनी का नाम है, उसका कार्यालय रानीगंज क्षेत्र में स्थित है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। साथ ही पूरे मामले की सत्यता और वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है।पुलिस ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

