सलानपुर में मिनीबस चालक पर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, पिटाई का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी
*बंगाल मिरर, सलानपुर व आसनसोल, राजा बंदोपाध्यायः*आसनसोल के सलानपुर थाना क्षेत्र के देन्दुआ-कल्याणेश्वरी रोड पर देन्दुआ अस्पताल के पास मोटरसाइकिल सवार कुछ युवकों द्वारा एक मिनीबस चालक पर जानलेवा हमला किए जाने का आरोप है। बदमाशों ने जबरन बस को रुकवाकर चालक की बेरहमी से पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गुरुवार को हुई इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।जानकारी के अनुसार, घटना के समय मिनीबस मैथन से आसनसोल की ओर जा रही थी। बस के खलासी ने बताया कि देन्दुआ-कल्याणेश्वरी रोड पर देन्दुआ अस्पताल के पास अचानक दो मोटरसाइकिलों पर सवार 3-4 युवक बस के सामने आ गए।














उन्होंने अपनी मोटरसाइकिलें बस के आगे खड़ी कर दीं, जिससे चालक को बस रोकनी पड़ी। बस रुकते ही बदमाश चालक को खींचकर नीचे ले आए और कुछ ही मिनटों में उसकी बेरहमी से पिटाई कर मौके से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही कल्याणेश्वरी पुलिस चौकी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घायल चालक को पहले स्थानीय पिठाकियारी अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए आसनसोल जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

फिलहाल उसका इलाज वहीं चल रहा है।इस हमले का एक हिस्सा वीडियो में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मोटरसाइकिल सवार युवकों को मिनीबस चालक पर हमला करते हुए स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।


