ASANSOL

कृष्णेंदु मुखर्जी का आरके डंगाल में सम्मान, महा शिव चर्चा का आयोजन

*बंगाल मिरर, स्नेहा, आसनसोल:* आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 27 स्थित रामकिशन डंगाल में सोमवार को पूर्व पार्षद चैताली तिवारी के नेतृत्व में भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी के सम्मान समारोह के साथ महा शिव चर्चा का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में पांडवेश्वर के विधायक एवं पूर्व मेयर जितेंद्र तिवारी, आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, ओम नारायण प्रसाद, दिलीप प्रसाद समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।इस दौरान विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने चुनाव के दौरान रामकृष्ण नगर के लोगों से मिले समर्थन को याद करते हुए कहा कि जब मतगणना चल रही थी और वह आगे-पीछे हो रहे थे, तब कार्यकर्ता उनसे पूछ रहे थे कि क्या होगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा था कि “चिंता मत करो, रामकृष्ण डंगाल का रुझान आने दो। वहां के लोग हमें और भाजपा को निराश नहीं करेंगे।”कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि उनकी बात सही साबित हुई और रामकृष्ण डंगाल के लोगों ने भाजपा को अपना आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता के इसी समर्थन की बदौलत वह चुनाव जीतकर विधायक बने हैं।वहीं, जितेंद्र तिवारी ने कहा कि इस क्षेत्र की जनता पिछले पांच वर्षों से वंचित रही है।

उन्होंने दावा किया कि अब कुछ ही महीनों की बात है और आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी के नेतृत्व में नगर निगम के सभी 32 वार्डों में कमल खिलेगा तथा आसनसोल नगर निगम में भाजपा का बोर्ड बनेगा।जितेंद्र तिवारी ने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि क्षेत्र के लोगों को जितना सताया और रुलाया गया है, उसका हिसाब लिया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान सामूहिक शिव चर्चा के माध्यम से क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की गई। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *