वामदलों के ‘जेल भरो’ कार्यक्रम को लेकर आसनसोल में हंगामा बैरिकेड तोड़कर धक्का-मुक्की, मीनाक्षी मुखर्जी सहित सीपीएम के कई नेता गिरफ्तार
*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय:* केंद्र सरकार के नए श्रम कोड को रद्द करने सहित कई मांगों के समर्थन में वामदलों के ‘जेल भरो’ कार्यक्रम को लेकर सोमवार को पश्चिम बर्दवान जिले के आसनसोल में भारी तनाव फैल गया। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस द्वारा बाधा दिए जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी धक्का-मुक्की और झड़प शुरू हो गई।विरोध प्रदर्शन के तहत सोमवार को आसनसोल के चेलीडांगा इलाके से वाम कार्यकर्ताओं और समर्थकों की एक विशाल रैली निकाली गई। रैली भगत सिंह मोड़ होते हुए बर्नपुर रोड से आगे बढ़ रही थी।शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लाइन से सटे इलाके में पहले ही कई बैरिकेड लगाए गए थे। हालांकि, जब प्रदर्शनकारियों की उग्र रैली पुलिस लाइन के सामने पहुंची तो उन्होंने पहला बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की।














पुलिस ने तत्काल रैली को रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद वाम कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ पुलिस की धक्का-मुक्की और तीखी झड़प शुरू हो गई। कुछ समय के लिए पूरा इलाका रणक्षेत्र जैसा नजर आने लगा।स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बाद में इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचा। पुलिस की कार्रवाई के बाद आखिरकार स्थिति नियंत्रण में आई।हालांकि, इससे पहले पुलिस ने सीपीएम की राज्य नेता मीनाक्षी मुखर्जी सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।

उन्हें प्रिजन वैन में बैठाकर थाने ले जाया गया। बाद में उन्हें निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया। गिरफ्तार होने वालों में सीपीएम के राज्य नेता पार्थ मुखर्जी और जिला अध्यक्ष गौरांग चट्टोपाध्याय भी शामिल थे।मीनाक्षी मुखर्जी ने इस दिन विभिन्न मुद्दों को लेकर केंद्र और राज्य, दोनों सरकारों पर हमला बोला।सोमवार को वामदलों के इस आंदोलन के कारण शहर की व्यस्ततम सड़कों पर काफी देर तक लंबा जाम लगा रहा। इससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।


