आसनसोल में पार्कों की सफाई पर जोर, शहर को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने की निगम की पहल
*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्यायः* 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग के कालीपहाड़ी से आसनसोल शहर में प्रवेश के दौरान जीटी रोड के उषाग्राम इलाके में सड़क के दोनों ओर आसनसोल नगर निगम द्वारा बनाए गए विभिन्न पार्कों की सफाई और उन्हें स्वच्छ रखने का काम शुरू किया गया है। गुरुवार को आसनसोल के नगर निगम आयुक्त दिलीप मिश्रा ने मौके पर जाकर सफाई कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने पार्कों की वर्तमान स्थिति का जायजा लेने के साथ-साथ सफाई व्यवस्था को और बेहतर एवं व्यवस्थित तरीके से करने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।बाद में नगर निगम आयुक्त ने कहा कि शहर में 40 से अधिक पार्क हैं।














प्रत्येक पार्क की साफ-सफाई पर निगरानी रखी जा रही है। काम की प्रगति की रिपोर्ट भी ली जा रही है। उन्होंने कहा कि केवल पार्क ही नहीं, बल्कि शहर के सभी महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थानों को भी स्वच्छ और सुंदर बनाने की योजना नगर निगम की है।उन्होंने आगे कहा कि नगर निगम का लक्ष्य शहर के सभी सार्वजनिक स्थानों को ‘पब्लिक फ्रेंडली’ बनाना है, ताकि आम लोग वहां आराम से बैठ सकें, आवागमन कर सकें, खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें और खाली समय में मनोरंजन का आनंद उठा सकें।
इसी उद्देश्य से पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा, साफ-सफाई और उचित रखरखाव पर विशेष जोर दिया जा रहा है।नगर निगम आयुक्त के अनुसार, केवल एक-दो पार्कों पर नहीं, बल्कि शहर के सभी पार्कों और सार्वजनिक उपयोग के स्थानों को चरणबद्ध तरीके से अधिक सुंदर, स्वच्छ, सुरक्षित और आम लोगों के लिए सुविधाजनक बनाने का काम जारी रहेगा।






