Raniganj Clash : हिंसक झड़प में 14 घायल
बंगाल मिरर, चरण मुखर्जी, रानिगंज: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रनिगंज रेलवे स्टेशन परिसर में भाजपा और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) से जुड़े सदस्यों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट होने से इलाके में तनाव फैल गया। घटना में दोनों पक्षों के करीब 14 लोगों के घायल होने की खबर है, जिनमें छह की चोट गंभीर बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, रेलवे स्टेशन के समीप स्थित भाजपा के एक पार्टी कार्यालय के सामने फोन पर बातचीत को लेकर विवाद शुरू हुआ।














आरोप है कि गाली-गलौज और कथित तौर पर फोन पर धमकी दिए जाने को लेकर भाजपा से जुड़े राजू गड़ाई और विहिप सदस्य के बीच कहासुनी हुई। बाद में यह विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए।बताया जा रहा है कि विहिप के शुभम राउत और उनके साथी भाजपा के बादशा चटर्जी सहित अन्य सदस्यों के साथ स्टेशन परिसर स्थित पार्टी कार्यालय के सामने पहले बहस में उलझे। इसके बाद देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। एक-दूसरे पर हॉकी स्टिक, लोहे की चेन, लाठी और पेचकस जैसे सामान से हमला करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही रनिगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। रात बढ़ने के साथ स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ वरिष्ठ अधिकारी, कॉम्बैट फोर्स और रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों को मौके पर तैनात किया गया।घटना के विरोध में कुछ लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन भी किया। पुलिस ने हस्तक्षेप कर प्रदर्शनकारियों को हटाया और दोनों पक्षों को मौके से अलग किया। इसके बाद पुलिस ने पूरी रात इलाके में गश्त कर स्थिति पर नजर बनाए रखी।
पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराए जाने की भी जानकारी मिली है। दोनों पक्षों का दावा है कि उनके कार्यकर्ताओं पर दूसरे पक्ष ने हमला किया।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और हिंसा की शुरुआत किस पक्ष की ओर से हुई, इसे लेकर स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। अब पुलिस की जांच के बाद ही यह सामने आएगा कि घटना के लिए जिम्मेदार कौन लोग हैं और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रनिगंज में राजनीतिक तनाव को नियंत्रित रखना पुलिस के लिए महत्वपूर्ण चुनौती बनी हुई है।





