ASANSOL

Asansol भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने, सड़क जाम और प्रदर्शन

बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय: ‘वंदे मातरम्’ के कथित अपमान को लेकर रविवार को आसनसोल के गिरजा मोड़ इलाके में भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गए। भाजपा युवा मोर्चा की ओर से कांग्रेस कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया गया और सोनिया गांधी तथा राहुल गांधी के पुतले जलाए गए।भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष अभिक मंडल के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान आरोप लगाया गया कि 15 अगस्त को दिल्ली स्थित कांग्रेस कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद ‘वंदे मातरम्’ गीत के दौरान सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने इसका अपमान किया।

भाजपा नेताओं ने कहा कि इसी के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया।वहीं, कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा के प्रदर्शन के दौरान उसके पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ की गई। कार्यालय के बाहर लगे राहुल गांधी, सोनिया गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं के पोस्टर फाड़ने का भी आरोप लगाया गया।इसके विरोध में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गिरजा मोड़ पर सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रसनजीत पुईतुंडी, शाह आलम समेत कांग्रेस नेताओं ने सड़क पर बैठकर नारेबाजी की और पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

कांग्रेस नेता शाह आलम ने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक रूप से कांग्रेस से डर रही है और इसी कारण इस तरह की कार्रवाई की जा रही है। वहीं प्रसनजीत पुईतुंडी ने सवाल उठाया कि क्या विपक्षी दलों को राजनीतिक गतिविधियां चलाने का अधिकार नहीं है।घटना की सूचना मिलने पर आसनसोल दक्षिण थाना प्रभारी विश्वजीत मुखोपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची। सड़क जाम हटाने को लेकर पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी बहस भी हुई। बाद में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया।‘वंदे मातरम्’ को लेकर भाजपा का प्रदर्शन, सोनिया-राहुल के पुतले दहन, कांग्रेस कार्यालय में तोड़फोड़ के आरोप और उसके बाद कांग्रेस के सड़क जाम ने गिरजा मोड़ इलाके में राजनीतिक तनाव बढ़ा दिया।

News Editor

Mr. Chandan | Senior News Editor Profile Mr. Chandan is a highly respected and seasoned Senior News Editor who brings over two decades (20+ years) of distinguished experience in the print media industry to the Bengal Mirror team. His extensive expertise is instrumental in upholding our commitment to quality, accuracy, and the #ThinkPositive journalistic standard.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *