अन्नपूर्णा योजना का पैसा नहीं मिलने पर महिलाओं का विरोध, आसनसोल में एसडीओ का घेराव, प्रदर्शन
*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय:* राज्य सरकार की अन्नपूर्णा योजना का पैसा नहीं मिलने से महिलाओं में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। नाराज लाभार्थी महिलाओं का विरोध-प्रदर्शन बुधवार को आसनसोल के महकमा शासक यानी एसडीओ (सदर) कार्यालय तक पहुंच गया। उन्होंने सीधे एसडीओ के चैंबर में जाकर एसडीओ साधन देवनाथ का घेराव किया और विरोध जताया। करीब दो घंटे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान कार्यालय के बाहर अन्नपूर्णा योजना का पैसा नहीं मिलने वाली बड़ी संख्या में महिलाएं जमा हो गई थीं। इससे एसडीओ कार्यालय में तनाव की स्थिति पैदा हो गई।घटना की सूचना मिलने के बाद आसनसोल दक्षिण थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।














प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बताया कि वे पिछले तीन महीने से योजना का पैसा पाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। ऑनलाइन, ऑफलाइन और शिविरों के माध्यम से आवेदन करने के बावजूद अभी तक उन्हें पैसा नहीं मिला है।उन्होंने आगे बताया कि बुधवार को वे महकमा शासक के कार्यालय में काउंटर पर पहुंचीं और वहां मौजूद कर्मचारी से अपने आवेदन की वर्तमान स्थिति के बारे में पूछा। कर्मचारी ने बताया कि उनके आवेदन को मंजूरी मिल चुकी है।
हालांकि, उन्हें पैसा कब मिलेगा, यह वह नहीं बता सके। इसके बाद सभी महिलाओं ने आपस में चर्चा की और महकमा शासक के चैंबर में जाकर विरोध जताया।महिलाओं का यह भी आरोप है कि आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद उन्हें अभी तक योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। इसके कारण उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।स्थिति को संभालने के लिए महकमा शासक ने महिलाओं से बातचीत की और चैंबर में मौजूद महिलाओं की समस्याएं सुनीं।
महकमा शासक ने महिलाओं से कहा कि इस मामले में उनके स्तर पर ज्यादा कुछ करने को नहीं है। सरकार की ओर से जैसा निर्देश दिया जाएगा, उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, उन्होंने आश्वासन दिया कि जो लोग पात्र हैं, उन्हें योजना का पैसा जरूर मिलेगा। उन्होंने मौखिक रूप से उचित कदम उठाने का आश्वासन भी दिया।इसके बाद प्रदर्शनकारी महिलाओं ने अपना विरोध समाप्त कर दिया और वापस लौट गईं। महिलाओं ने मांग की कि उनकी समस्या का जल्द से जल्द समाधान किया जाए और अन्नपूर्णा योजना की बकाया राशि का भुगतान करने की व्यवस्था की जाए।


