पैसों के लालच में मां का सीढ़ियों पर सिर पटककर हत्या करने का आरोप, बड़े भाई के खिलाफ छोटे भाई ने थाने में दर्ज कराई शिकायत आसनसोल में सनसनी
*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय:* पैसों के लालच में मां का घर की सीढ़ियों पर सिर पटककर हत्या करने का आरोप बड़े बेटे पर लगा है। बुधवार को यह सनसनीखेज घटना आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के कालीपहाड़ी कैंटीन पाड़ा में हुई। मृतका की पहचान वैशाखी हेम्ब्रम (72) के रूप में हुई है।घटना की सूचना मिलने के बाद आसनसोल दक्षिण थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी (सेंट्रल) ध्रुव दास भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका के बड़े बेटे राजीव हेम्ब्रम को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस ने घर के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ की है।मृतका के छोटे बेटे जयंत हेम्ब्रम का आरोप है कि उनके बड़े भाई राजीव हेम्ब्रम ने पैसों के लिए अपनी मां की हत्या की है।














जयंत का दावा है कि उनके पिता ईसीएल के कर्मचारी थे। पिता की मौत के बाद राजीव उनकी नौकरी या 40 लाख रुपये देने की मांग कर रहे थे। इसी को लेकर पिछले कुछ दिनों से राजीव और उनकी मां के बीच विवाद चल रहा था।उन्होंने आगे बताया कि बुधवार सुबह वह क्वार्टर में थे। उसी दौरान पैसों को लेकर हुए विवाद के बाद राजीव ने अपनी मां को घर की सीढ़ियों पर सिर पटक-पटककर पीटा।

इस हमले में वैशाखी हेम्ब्रम गंभीर रूप से घायल हो गईं।घटना की जानकारी मिलने के बाद आसनसोल दक्षिण थाने की पुलिस घर पहुंची और घायल महिला को बरामद कर आसनसोल जिला अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।डीसीपी (सेंट्रल) ने कहा कि पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में बताया गया है कि मृतका का बड़े बेटे के साथ पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। इस शिकायत के आधार पर घटना के वास्तविक कारण और मौत में किस-किस की भूमिका है, इसकी जांच की जा रही है। बड़े बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद मौत के वास्तविक कारण का और अधिक स्पष्ट पता चल सकेगा।


