Raniganj News : डकैती की साजिश नाकाम, हथियारों के साथ 4 गिरफ्तार
बंगाल मिरर, रानीगंज, 20 अगस्त: ( Raniganj News ) रानीगंज पुलिस ने पंजाबी मोड़ इलाके में कथित डकैती की तैयारी को नाकाम करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक देसी पाइप गन, जिंदा कारतूस सहित कई घातक हथियार, रस्सी, तीन मोबाइल फोन और एक मारुति ओमनी वैन बरामद की है।पुलिस के अनुसार, 19 और 20 अगस्त की दरम्यानी रात करीब 2:55 बजे पंजाबी मोड़ जांच केंद्र के अंतर्गत नाइट मोबाइल ड्यूटी के दौरान सूचना मिली कि कुछ लोग अवैध हथियारों और घातक हथियारों के साथ बीरभूम के सिउड़ी की ओर से पंजाबी मोड़ की तरफ एक मारुति ओमनी वैन में आ रहे हैं। आशंका थी कि वे डकैती या किसी अन्य गंभीर आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं।सूचना के आधार पर पुलिस ने अमरासोता मोड़ पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही सफेद रंग की मारुति ओमनी (WB38K-0123) को रोकने की कोशिश की गई। वाहन में सवार चारों लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बीरभूम के काकरतला निवासी शेख अलाउद्दीन उर्फ लादेन (23), कोइठी निवासी शेख अजहरुद्दीन (30), दुबराजपुर के इस्लामपुर निवासी शेख हुसैन (19) और मोहम्मद ताज खान (19) के रूप में हुई है।तलाशी के दौरान पुलिस ने करीब 11 इंच लंबी एक पाइप गन, ‘KF’ मार्क वाला एक जिंदा 8 एमएम कारतूस, करीब 12 इंच लंबा लोहे का खंजर, 18 इंच लंबी लोहे की तलवार, 15 इंच लंबी लोहे की रॉड, करीब 6 इंच ब्लेड वाला लोहे का हैक्सॉ, लगभग 12 फीट लंबी नायलॉन की रस्सी, मारुति ओमनी वैन और तीन मोबाइल फोन बरामद किए।पुलिस के मुताबिक, देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक वाहन में चारों आरोपियों का एक साथ मौजूद होना, उनके पास हथियार और जिंदा कारतूस मिलना, साथ ही रस्सी और अन्य घातक हथियार बरामद होना तथा पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करना प्रथम दृष्टया किसी गंभीर आपराधिक वारदात की तैयारी की ओर इशारा करता है।इस मामले में रानीगंज थाना कांड संख्या 247/2026, दिनांक 20 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(4)/310(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(a)/27/35 के तहत मामला दर्ज किया गया है।गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस हिरासत की मांग के साथ अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का निशाना कौन था, इस साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा पूरी आपराधिक साजिश के पीछे क्या योजना थी।


















