ASANSOLBARABANI-SALANPUR-CHITTARANJAN

अन्नपूर्णा योजना का पैसा नहीं मिलने से महिलाओं में रोष, सालानपुर बीडीओ कार्यालय में हंगामा

*बंगाल मिरर, सालानपुर, राजा बंद्योपाध्यायः* अन्नपूर्णा योजना का पैसा नहीं मिलने की शिकायत को लेकर विरोध और तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है।शुक्रवार को पश्चिम बर्धमान जिले के सालानपुर बीडीओ कार्यालय में अचानक काफी हंगामा मच गया। बताया गया है कि इस दिन महिलाओं का एक समूह अचानक सालानपुर बीडीओ कार्यालय की पहली मंजिल स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में घुस गया। आरोप है कि गुस्से में महिलाओं ने हॉल में रखी कुर्सियों को इधर-उधर कर दिया और जमकर हंगामा किया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई।घटना की सूचना मिलते ही रूपनारायणपुर फांड़ी की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति नियंत्रण में आई।

उत्तेजित महिलाओं को शांत करने और स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने बताया कि जिन आवेदकों के नाम रिजेक्ट (रद्द) हो गए हैं या जिनके आवेदन ‘अंडर प्रोसेस’ (प्रक्रियाधीन) हैं, वे नियम के अनुसार दोबारा आवेदन कर सकते हैं या अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। प्रशासन की ओर से इन शिकायतों की गंभीरता से जांच की जाएगी। पुलिस के इस आश्वासन के बाद नाराज महिलाएं शांत हुईं।

हालांकि, महिलाओं ने इस दिन आरोप लगाया कि राज्य सरकार सरकारी भत्ता देने के नाम पर महिलाओं को परेशान कर रही है। कभी कहा जाता है कि ऑनलाइन आवेदन करो, तो कभी ऑफलाइन आवेदन करने को कहा जाता है। सभी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद भी उन्हें पैसे नहीं मिल रहे हैं। वहीं, उनका कहना है कि पिछली सरकार लक्ष्मी भंडार योजना का पैसा आसानी से देती थी।हालांकि, इस दिन हुई घटना और महिलाओं की शिकायतों को लेकर बीडीओ कार्यालय के किसी अधिकारी की कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *