आसनसोल में महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘दुर्गा स्क्वाड’, 10 बाइक और स्कूटी से सड़कों पर निगरानी
*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्यायः* महिलाओं की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की पहल पर ‘दुर्गा सुरक्षा स्क्वाड’ शुरू किया गया। सोमवार को आसनसोल पुलिस लाइन के पास बर्नपुर रोड स्थित शरत मंच में आयोजित एक कार्यक्रम में राज्य की नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने औपचारिक रूप से इस स्क्वाड का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में पश्चिम बर्धमान के जिलाधिकारी एस. पोन्नाबलम, आसनसोल-दुर्गापुर के पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणब कुमार, आसनसोल नगर निगम के कमिश्नर दिलीप मिश्रा सहित पुलिस के अन्य अधिकारी मौजूद थे।














मंत्री समेत अन्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर इस स्क्वाड की शुरुआत की।उद्घाटन समारोह में अग्निमित्रा पाल ने कहा कि शुरुआती तौर पर करीब 10 महिला पुलिसकर्मियों को ‘स्त्री शक्ति’ के रूप में दुर्गा स्क्वाड का सदस्य बनाया गया है। 10 मोटरसाइकिल और स्कूटी के जरिए वे पूरे जिले में निगरानी करेंगी। सोमवार को इसकी शुरुआत आसनसोल से हुई है। बाद में दुर्गापुर में भी इसे शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि महिलाओं पर अत्याचार, हमला, छेड़छाड़ या किसी अन्य अप्रिय घटना को रोकने के लिए यह बल विशेष रूप से निगरानी रखेगा।मंत्री ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पहले दिन से ही महिलाओं की सुरक्षा को लेकर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति स्पष्ट की है। इसी लक्ष्य के तहत पुलिस की ओर से यह विशेष पहल की गई है।अग्निमित्रा पाल ने आगे बताया कि प्रत्येक थाने में महिला डेस्क और प्रत्येक अनुमंडल में महिला थाना शुरू करने के साथ-साथ महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई अन्य कदम भी उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि महालया के दिन मुख्यमंत्री की ओर से महिला हेल्पलाइन नंबर सहित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं और सेवाएं शुरू करने की योजना है।दुर्गा स्क्वाड के सभी सदस्य प्रशिक्षित और हथियारबंद महिला पुलिसकर्मी हैं। किसी महिला के खतरे में होने पर वह फिलहाल 100 या 112 नंबर पर फोन कर पुलिस की मदद मांग सकती हैं।
सूचना मिलते ही दुर्गा स्क्वाड की सदस्याएं तेजी से घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करेंगी।सोमवार के कार्यक्रम में अग्निमित्रा पाल ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए इस तरह के विशेष बल का उद्घाटन करते हुए उन्हें गर्व महसूस हो रहा है। त्योहारों के मौसम से पहले दुर्गा स्क्वाड की शुरुआत से महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को एक नई मजबूती मिली है, ऐसा पुलिस प्रशासन का मानना है।


