तीन दिनों से लापता था युवक, घर के सामने कुएं से मिला शव, अंडाल में सनसनी
*बंगाल मिरर, अंडाल, राजा बंदोपाध्याय:* तीन दिनों से लापता एक युवक का शव रविवार सुबह उसके घर के सामने स्थित कुएं से बरामद किया गया। इस घटना को लेकर पश्चिम बर्धमान जिले के अंडाल थाना क्षेत्र के उखड़ा खादपाड़ा इलाके में सनसनी फैल गई। मृत युवक की पहचान षष्ठी बाउरी (35) के रूप में हुई है। वह पेशे से दिहाड़ी मजदूर था।परिवार के सूत्रों के अनुसार, षष्ठी बाउरी दो दिन पहले घर से निकला था। काम के सिलसिले में उसे अक्सर बाहर जाना पड़ता था। इसलिए शुरुआत में परिवार के सदस्यों को इस मामले में ज्यादा संदेह नहीं हुआ। लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी जब युवक घर नहीं लौटा, तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों से लेकर परिचितों तक सभी से उसके बारे में पूछताछ की गई, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला।













इसी बीच रविवार सुबह घर के सामने स्थित एक कुएं से पानी निकालने के दौरान स्थानीय लोगों की नजर कुएं के पानी में तैर रहे एक शव पर पड़ी। देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में फैल गई। घटना की सूचना उखड़ा फांड़ी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कुएं से शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया गया।हालांकि षष्ठी कुएं में कैसे गिरा, या उसकी मौत के पीछे कोई अन्य कारण है, इसे लेकर अभी भी रहस्य बना हुआ है। लापता युवक की मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए अंडाल थाना की उखड़ा फांड़ी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत किस तरह हुई।


