मांगों को लेकर आसनसोल में बहुराष्ट्रीय ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी के कर्मचारियों ने काम बंद करने का किया ऐलान, सेवा बंद
*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय:* बहुराष्ट्रीय ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी के कर्मचारियों ने अनिश्चितकाल के लिए काम बंद करने का ऐलान किया है। इस हड़ताल के कारण बुधवार शाम के बाद से आसनसोल में ऑनलाइन खाना पहुंचाने की सेवा बंद हो गई है। गुरुवार को भी कर्मचारियों की हड़ताल जारी है। विभिन्न मांगों को लेकर कंपनी के कर्मचारियों ने काम बंद करने का आह्वान किया है।जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम चार बजे से यह काम बंद शुरू हुआ। कर्मचारियों ने कहा है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक यह हड़ताल जारी रहेगी।आसनसोल के जीटी रोड स्थित बीएनआर मोड़ के पास कंपनी के कर्मचारियों ने अपने डिलीवरी बॉक्स और बैग सड़क पर रख दिए।













उन्होंने कहा, “हम काम नहीं करेंगे। किसी और को भी काम नहीं करने देंगे।” उनकी मांग है कि उन्हें प्रति किलोमीटर पांच रुपये का भुगतान किया जाए। इसके अलावा कार्यस्थल पर सुरक्षा की व्यवस्था करने की भी मांग की गई है। कर्मचारियों का कहना है कि काम के दौरान जितना खर्च हो रहा है, उसके अनुपात में वे कमाई नहीं कर पा रहे हैं।उनका आरोप है कि काम बंद के दौरान कंपनी का एक अधिकारी वहां पहुंचे। उन्होंने खुद को कंपनी का अधिकारी बताया।
कर्मचारियों के अनुसार, अधिकारी ने उनकी प्रत्येक मांग को खारिज कर दिया। इसे लेकर अधिकारी और कर्मचारियों के बीच काफी देर तक बहस हुई।बाद में पत्रकारों के सवालों के जवाब में उक्त अधिकारी ने गुरुवार के भीतर कर्मचारियों की मांगें मानने का आश्वासन दिया। हालांकि, काम बंद करने वाले कंपनी के कर्मचारियों का कहना है कि बार-बार इस तरह के आश्वासन दिए जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण उन्हें काम बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

