ASANSOL

Durgapuja 2026 : Asansol उत्तर थाना की बैठक, पूजा कमेटियों को सरकारी निर्देशों की जानकारी

बंगाल मिरर, आसनसोल: दुर्गापूजा को लेकर आसनसोल उत्तर थाना क्षेत्र की विभिन्न पूजा कमेटियों के साथ उत्तर थाना पुलिस की ओर से धादका बाईपास स्थित राधा भवन में बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसीपी अब्दुल गफ्फार, विधायक प्रतिनिधि दीपक गुप्ता, उत्तर थाना प्रभारी मेघनाथ मंडल समेत पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



बैठक के दौरान पूजा कमेटियों को राज्य सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया। एसीपी अब्दुल गफ्फार ने कहा कि दुर्गापूजा का आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में और सभी सरकारी नियमों का पालन करते हुए किया जाना चाहिए। उन्होंने पूजा कमेटियों को पुलिस की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।


उन्होंने बताया कि जिन पूजा कमेटियों को सरकार की ओर से मिलने वाली एक लाख रुपये की सहायता राशि के लिए आवेदन करना है, वे थाने में आवेदन जमा कर सकती हैं। वहीं, जो कमेटियां सहायता राशि नहीं लेना चाहती हैं, वे भी थाने में लिखित रूप से इसकी जानकारी दे सकती हैं।


बैठक में इलाके की सड़क और रोशनी से संबंधित समस्याओं पर भी चर्चा हुई। विधायक प्रतिनिधि दीपक गुप्ता ने बताया कि विभिन्न इलाकों में सड़कों की मरम्मत की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इसके लिए टेंडर भी किया जा चुका है। जल्द ही काम शुरू होने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में स्ट्रीट लाइट की आवश्यकता है, वहां लाइट लगाने के लिए विधायक की ओर से नगर निगम को पत्र दिया गया है। इस दिशा में भी जल्द प्रक्रिया शुरू होने की बात कही गई। इसके साथ ही विधायक से किसी तरह की सहायता होने पर हेल्पलाइन नंबर 9593 2222 55 पर संपर्क करें

विधायक प्रतिनिधि ने पूजा कमेटियों और आम लोगों से अपील की कि सभी लोग शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में दुर्गोत्सव का आनंद लें। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और आपसी प्रेम एवं सौहार्द के साथ पूजा की तैयारियों में जुटें। साथ ही, उन्होंने सभी पूजा आयोजकों से सरकार और प्रशासन के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए उत्सव मनाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *