ASANSOL

Asansol : एनएच-19 पर DPS के पास फायरिंग, नाइट ड्यूटी पर जा रहे कर्मचारी को मारी दो गोलियां

बंगाल मिरर, आसनसोल/सालानपुर: राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) के पास रात के समय नाइट ड्यूटी पर जा रहे एक कर्मचारी को गोली मारने की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। छिनतई का विरोध करने पर बदमाशों द्वारा कथित तौर पर लगातार दो गोलियां चलाने की बात सामने आई है। घटना में सालानपुर के अल्लाडी पंचायत के धागुड़ी निवासी हरिदास लायक (43) गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, हरिदास रोज की तरह बाइक से आसनसोल स्थित श्रीहरि ग्लोबल स्कूल में नाइट ड्यूटी के लिए जा रहे थे। आरोप है कि DPS के पास बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उनका रास्ता रोकने की कोशिश की। बदमाशों ने कथित तौर पर उनका बैग छीनने का प्रयास किया। हरिदास ने इसका विरोध किया, जिसके बाद आरोप है कि बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाकर लगातार दो गोलियां चला दीं। इनमें से एक गोली उनके पैर में लगी।

गोली लगने के बावजूद हरिदास ने हिम्मत नहीं छोड़ी और कथित तौर पर हमलावरों का मोबाइल फोन से वीडियो बनाने की कोशिश की। इसके बाद तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही सालानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल हरिदास को इलाज के लिए ईएसआई अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटनास्थल से एक इस्तेमाल किया हुआ कारतूस का खोखा भी बरामद हुआ है।

घटना के बाद पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी और चेकिंग शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार, डीसी वेस्ट सना अख्तर और डीसी सेंट्रल ध्रुव दास समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की।

राष्ट्रीय राजमार्ग जैसे व्यस्त मार्ग पर रात के समय गोलीबारी की इस घटना ने रात में ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

News Editor

Mr. Chandan | Senior News Editor Profile Mr. Chandan is a highly respected and seasoned Senior News Editor who brings over two decades (20+ years) of distinguished experience in the print media industry to the Bengal Mirror team. His extensive expertise is instrumental in upholding our commitment to quality, accuracy, and the #ThinkPositive journalistic standard.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *