Asansol सफाई अभियान के दौरान कमिश्नर से दुर्व्यवहार पड़ा महंगा !
बंगाल मिरर, आसनसोल: शहर में सफाई और अतिक्रमण के खिलाफ आसनसोल नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। बुधवार को नगर निगम आयुक्त दिलीप मिश्रा के नेतृत्व में बरो नंबर 6 के जीटी रोड स्थित उषाग्राम बस स्टॉप से रामबंधु इलाके तक विशेष सफाई अभियान चलाया गया।









कार्रवाई के दौरान दुकानदारों द्वारा सड़क किनारे जमा किए गए कचरे को पेलोडर की मदद से हटाया गया और मौके पर पौधरोपण भी किया गया।इसी दौरान एक दुकानदार द्वारा नगर निगम आयुक्त के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया। बताया जा रहा है कि दुकानदार ने आयुक्त के साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें धमकाने की कोशिश की। इसके बाद नगर निगम प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित दुकानदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की।कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध कब्जाधारियों और नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया है।




अभियान के दौरान कचरा फैलाने वाले कई दुकानदारों पर जुर्माना भी लगाया गया। वहीं, जर्जर हालत में पड़े एक दुकाननुमा ढांचे को बुलडोजर की मदद से हटा दिया गया।नगर निगम आयुक्त दिलीप मिश्रा ने कहा कि सफाई और स्वच्छता को लेकर निगम गंभीर है। जहां भी कचरा जमा पाया जा रहा है, वहां तत्काल कार्रवाई की जा रही है। कचरा फैलाने वालों पर जुर्माना लगाया जा रहा है, लेकिन केवल जुर्माना लगाने से समस्या का समाधान नहीं होगा। लोगों को जागरूक करना भी जरूरी है।उन्होंने कहा कि निर्मल साथी घर-घर जाकर कचरा संग्रह करेंगे और शहर को साफ रखने में लोगों की भागीदारी जरूरी है। आयुक्त के मुताबिक, अब तक आसनसोल नगर निगम क्षेत्र में कचरा फैलाने के मामले में करीब एक लाख रुपये जुर्माना वसूला जा चुका है।

