गैस कनेक्शन अपडेट कराने के नाम पर साइबर ठगी का आरोप, दुर्गापुर के निवासी ने गंवाए 56 हजार 600 रुपये
*बंगाल मिरर, दुर्गापुर, राजा बंदोपाध्याय:* गैस कनेक्शन अपडेट कराने के नाम पर फोन करने और फिर बातों में उलझाकर बैंक खाते से रुपये निकाल लेने का आरोप सामने आया है। इस तरह एक बार फिर दुर्गापुर के विधाननगर निवासी समीरन विश्वास साइबर ठगी के शिकार हो गए। आरोप है कि लगातार दो लेनदेन के जरिए उनके बैंक खाते से कुल 56 हजार 600 रुपये निकाल लिए गए। इस घटना के बाद इलाके में हलचल मच गई।मिली जानकारी के अनुसार, बीते 4 अक्टूबर को विधाननगर के सेक्टर-2 इलाके के निवासी समीरन विश्वास के पास गैस कनेक्शन अपडेट कराने के नाम पर एक फोन आया।











आरोप है कि फोन पर उनका विश्वास जीतकर ठगों ने बैंक से संबंधित जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद उनके मोबाइल पर एक के बाद एक रुपये कटने के मैसेज आने लगे। सबसे पहले केनरा बैंक के खाते से 55 हजार रुपये निकाल लिए गए। इसके बाद 1 हजार 600 रुपये और निकालने का आरोप है।बैंक खाते से रुपये गायब होने का मैसेज मिलते ही समीरन विश्वास ने तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क किया। इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई।
कई बैंकों के अधिकारियों से संपर्क करने के बाद उन्होंने अपना डेबिट कार्ड भी ब्लॉक करवा दिया।घटना के बाद समीरन विश्वास ने दुर्गापुर के न्यू टाउनशिप थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। इस घटना को लेकर वह और उनके परिवार के सदस्य काफी चिंतित हैं।पुलिस ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।


