Burnpur से AMRUT 2.0 के 22 करोड़ के 9 OHR का शिलान्यास
एक साल में काम पूरा करने का लक्ष्य : मंत्री अग्निमित्रा पाल
बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय: पेयजल की समस्या के समाधान के लिए आसनसोल नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। शनिवार को आसनसोल के नाकड़ासोंता इलाके में पेयजल परियोजना के तहत ओवरहेड वाटर रिजर्वायर का शिलान्यास राज्य की नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने किया। इस मौके पर पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी एस. पोन्नाबलम, आसनसोल नगर निगम के कमिश्नर दिलीप मिश्रा सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।









नाकड़ासोंता के अलावा नगर निगम के विभिन्न इलाकों में आठ और ओवरहेड वाटर रिजर्वायर के निर्माण का भी शिलान्यास किया गया। यानी निगम क्षेत्र में कुल 9 ओवरहेड वाटर रिजर्वायर बनाए जाएंगे। नगर प्रशासन का दावा है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से पेयजल संकट से जूझ रहे कई इलाकों के लोगों को राहत मिलेगी।मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि लंबे समय से पेयजल समस्या वाले क्षेत्रों में स्थायी जलापूर्ति ढांचा तैयार करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। परियोजनाओं को एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।




उन्होंने बताया कि रिजर्वायर निर्माण के साथ-साथ घर-घर पेयजल कनेक्शन देने की दिशा में भी काम किया जाएगा।अग्निमित्रा पॉल ने आरोप लगाया कि पूर्व में इन इलाकों में पेयजल पाइपलाइन बिछाने की कोशिश के दौरान तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने काले झंडे दिखाकर काम में बाधा डाली थी। उनके अनुसार, इसके कारण काम पूरा नहीं हो सका और आज भी कुछ इलाकों में टैंकर के जरिए पानी पहुंचाना पड़ता है।उन्होंने कहा कि आसनसोल नगर निगम के शहरी इलाकों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी पेयजल infrastructure मजबूत करने की पहल की जा रही है। झांटीडांगा इलाके में भी इसी तरह के ओवरहेड वाटर रिजर्वायर के निर्माण की योजना है।नगर प्रशासन को उम्मीद है कि निर्धारित समय में सभी 9 जलाशयों का निर्माण पूरा होने के बाद निगम के कई इलाकों में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या काफी हद तक दूर होगी और नियमित जलापूर्ति व्यवस्था भी मजबूत होगी।

