SAIL ISP UNION ELECTION: INTUC और BMS में टक्कर, श्रमिक 24 को करेंगे फैसला
बंगाल मिरर, एस सिंह,बर्नपुर: ( SAIL ISP UNION ELECTION ) सेल-आईएसपी, बर्नपुर में 24 सितंबर को होने वाले मान्यता प्राप्त One Plant One Trade Union Election को लेकर चुनावी माहौल गरमा गया है। चुनाव में सात यूनियनों की भागीदारी के बीच INTUC और BMS से जुड़े संगठनों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। दोनों पक्षों ने कर्मचारियों के मुद्दों और अपने संगठन की भूमिका को लेकर अपना पक्ष सामने रखा है।









आसनसोल आयरन एंड स्टील वर्कर्स यूनियन (INTUC) ने चुनाव से पहले अपना संकल्प पत्र जारी किया। यूनियन अध्यक्ष हरजीत सिंह, विप्लव माजी, विवेकानंद कुमार, पवन गुप्ता और प्रदीप कुमार ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि कर्मचारियों के अधिकारों और सम्मान से जुड़े मुद्दों को प्रबंधन के समक्ष मजबूती से उठाना है।




हरजीत सिंह ने INTUC और BMS के बीच सीधे मुकाबले की चर्चा को खारिज करते हुए कहा कि उनके अनुसार यह मुकाबला “INTUC बनाम विक्षुब्ध INTUC” है। उन्होंने BMS के केंद्रीय स्टील प्रभारी हिमांशु बल के स्थानीय चुनाव में नेतृत्व को लेकर भी सवाल उठाए। INTUC का दावा है कि BMS में सक्रिय कई प्रमुख चेहरे पूर्व में INTUC से जुड़े रहे हैं।
INTUC ने अपने संकल्प पत्र में 1 जनवरी 2027 से वेतन पुनरीक्षण पूरा कराने, 39 महीने के बकाया एरियर के समाधान, वरिष्ठ कर्मियों के लिए S-12 और S-11 ग्रेड में पदोन्नति, फेस्टिवल एडवांस को ₹5,000 से बढ़ाकर ₹50,000 करने, एजुकेशन अलाउंस, इंसेंटिव नीति और बोनस फॉर्मूले में सुधार जैसे मुद्दे उठाए हैं।
इसके अलावा बर्नपुर अस्पताल में 24 घंटे दवा काउंटर, ऑनलाइन अपॉइंटमेंट, डिजिटल टोकन, CT Scan, USG और MRI जैसी सुविधाएं, आधुनिक क्वार्टरों का पारदर्शी आवंटन, CCTV और सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल तथा ड्रेनेज व्यवस्था में सुधार की मांग की गई है। यूनियन ने रोड सेफ्टी, जीरो एक्सीडेंट, सर्विस ट्रांसपोर्ट, ट्रांसफर कर्मियों की वापसी और ट्रेनिंग अवधि को दो वर्ष से घटाकर एक वर्ष करने का भी वादा किया है। महिला कर्मचारियों के लिए पेड पीरियड लीव तथा बर्नपुर और न्यू टाउन में मल्टी-जिम, वाटर पार्क, सिनेमा हॉल और दामोदर किनारे मनोरंजन स्थल विकसित करने की मांग भी संकल्प पत्र में शामिल है।
सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई पर BMS का दावा

इधर, 21 सितंबर को Burnpur Ispat Karmachari Sangh (BMS) कार्यालय में प्रेस वार्ता कर BMS नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई की जानकारी दी। केंद्रीय BMS के स्टील प्रभारी हिमांशु बल ने दावा किया कि 24 सितंबर के चुनाव को रोकने से संबंधित याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई और अदालत ने याचिका स्वीकार नहीं की तथा मामला निरस्त कर दिया।
BMS ने कहा कि इससे चुनाव प्रक्रिया जारी रखने का रास्ता साफ हुआ है। हिमांशु बल ने चुनाव को कर्मचारियों के लोकतांत्रिक अधिकारों से जोड़ते हुए कहा कि कर्मचारियों को अपना ट्रेड यूनियन प्रतिनिधि चुनने का अधिकार है और विवादों का समाधान चुनावी प्रक्रिया के माध्यम से होना चाहिए।
BMS महासचिव संजीत बनर्जी ने कहा कि चुनाव के दौरान संगठन पर लगाए जा रहे आरोपों का जवाब तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर दिया जाएगा। उन्होंने INTUC से जुड़े कर्मचारियों सोनू सिंह और रोशन कुमार के ट्रांसफर से संबंधित मामले में BMS की ओर से कानूनी हस्तक्षेप का भी दावा किया।
अब सभी की नजरें 24 सितंबर के मतदान पर हैं। कर्मचारियों के वेतन, एरियर, अस्पताल, क्वार्टर, सुरक्षा, ठेका श्रमिकों और अन्य सेवा-सुविधाओं से जुड़े मुद्दे चुनावी बहस के केंद्र में हैं। अंतिम फैसला आईएसपी के कर्मचारी अपने मताधिकार के जरिए करेंगे।


