ASANSOL

Asansol – Durgapur Sand Crisis पर बड़ा फैसला, अब ₹1200 ट्रॉली रेट

बंगाल मिरर, आसनसोल: पश्चिम बर्दवान में बालू की बढ़ती कीमतों को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला शासक कार्यालय में गुरुवार को हुई बैठक में वैध बालू घाटों से एक ट्रैक्टर यानी एक ट्रॉली बालू की कीमत 1200 रुपये तय की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने पर कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर संबंधित घाट की लीज रद्द की जा सकती है। बैठक में डी एम पोन्नाबलम एस सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, बालू घाटों के लीज होल्डर और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, लक्ष्मण घोरुई और चंद्रशेखर बनर्जी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने बैठक में हिस्सा लिया।

बैठक के बाद विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि बालू की कीमत बढ़ने के कारण जिले में निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे थे। आम लोगों की परेशानी को देखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला शासक ने यह बैठक बुलाई थी। बैठक में 15 वैध बालू घाटों पर 1200 रुपये प्रति ट्रैक्टर की दर लागू करने का निर्णय लिया गया है।

कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि अगर कोई घाट मालिक निर्धारित दर से ज्यादा पैसा लेता है या बिचौलियों के जरिए कीमत बढ़ाई जाती है, तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने पर घाट की लीज रद्द करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि बालू ढुलाई के लिए इस्तेमाल होने वाले ट्रैक्टर का वैध रजिस्ट्रेशन और इंजन नंबर होना आवश्यक है।बैठक में कथित फर्जी चालान के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। इस संबंध में प्रशासन दस्तावेजों और चालानों की जांच करेगा और अनियमितता मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल जिले के 15 वैध घाटों पर 1200 रुपये प्रति ट्रैक्टर की निर्धारित दर लागू करने का निर्देश दिया गया है। अब प्रशासन की निगरानी इस बात पर रहेगी कि घाट मालिक निर्धारित दर का पालन कर रहे हैं या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *