Thukra Ke Mera Pyar 2 में देखिये रवि साह की जलवा, अबतक आपने ‘दद्दू प्रसाद’ को नहीं देखा तो क्या ही देखा
जानदार एक्टिंग के शानदार खिलाडी हैं पूर्णिया के रवि साह
बंगाल मिरर, पटना। जिओ हॉटस्टार पर आई वेब सीरीज ‘ठुकरा के मेरा प्यार-2’ ( Thukra Ke Mera Pyar 2 ) में दयानिधि प्रसाद उर्फ ‘दद्दू’ का किरदार निभाकर पूर्णिया के अभिनेता रवि साह एक बार फिर चर्चा में हैं। पर्दे पर उनका किरदार राजनीतिक दांव-पेंच खेलने वाले एक ऐसे शख्स का है, जिसमें विलेन वाला अंदाज तो है, लेकिन उसकी बोलचाल, गतिविधियां और व्यवहार दर्शकों को हंसने पर भी मजबूर करते हैं और यही मिक्सचर ‘दद्दू’ के किरदार को पर्दे पर दिलचस्प बनाता है।अभिनेता रवि साह खुद भी दद्दू के इसी अंदाज को उसकी खासियत मानते हैं।









वह कहते हैं, “दद्दू कॉमेडियन नहीं है, वह है ही ऐसा। उसके नेचर में यह शामिल है। वह विलेन भी है और उसकी एक्टिविटीज देखकर हंसी भी आती है। यही उसे ज्यादा खतरनाक विलेन बनाता है।” रवि कहते हैं कि किसी भी कहानी में कॉन्फ्लिक्ट यानी टकराव बेहद जरूरी होता है। अलग-अलग किरदारों के बीच पैदा होने वाले टकराव ही कहानी में ट्विस्ट और टर्न लेकर आते हैं। वह कहते हैं, “विदाउट कॉन्फ्लिक्ट देयर इज नो स्टोरी।”




उनके मुताबिक कहानी में हर कलाकार की अपनी भूमिका और अहमियत होती है और सभी के योगदान से कहानी आगे बढ़ती है।पर्दे पर द्दू की सफलता सिर्फ मेरी नहीं, पूरी टीम की है कई बड़ी फिल्मों और सीरीज में काम कर चुके रवि साह अपनी सफलता का पूरा श्रेय खुद लेने के बजाय इसका बड़ा हिस्सा अपनी टीम और दर्शकों को देते हैं। उनका मानना है कि किसी किरदार को दर्शकों के बीच लोकप्रिय बनाने में सिर्फ अभिनेता ही नहीं, बल्कि लेखक, क्रिएटर, प्रोड्यूसर और सबसे बढ़कर दर्शकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
संजीत मिश्रा से बातचीत में रवि ने कहा कि लेखक ने दद्दू के किरदार को गढ़ा, मेकर्स ने उन्हें उस किरदार को निभाने का मौका दिया और दर्शकों ने उसे स्वीकार किया। यही वजह है कि वह दद्दू की सफलता को पूरी टीम के प्रयास और दर्शकों के प्यार का नतीजा मानते हैं।कई नए चेहरों ने पर्दे पर किरदारों को बनाया ज्यादा रियल‘ठुकरा के मेरा प्यार-2’ के किरदारों के रियलिस्टिक लगने की एक वजह रवि साह कई नए चेहरों की मौजूदगी को भी मानते हैं। वह बताते हैं कि जब किसी स्थापित कलाकार को किसी नए किरदार में देखा जाता है तो दर्शकों के दिमाग में उसके पिछले किरदारों की छवि भी रहती है। ऐसे में वे नए किरदार को भी अभिनेता के पुराने काम से जोड़कर देखने लगते हैं।
‘ठुकरा के मेरा प्यार-2’ में ज्यादातर कलाकार नए हैं, इसलिए दर्शकों के पास उनके पुराने किरदारों का कोई रेफरेंस नहीं है। रवि के मुताबिक यही वजह है कि दर्शक कलाकार को उसके निभाए किरदार के साथ सीधे जोड़ लेते हैं और किरदार ज्यादा रियल नजर आता है।‘बिहार का हूं, इसलिए दद्दू के लिए अलग से ज्यादा तैयारी नहीं करनी पड़ी’‘दद्दू’ जैसे राजनीतिक किरदार को पर्दे पर निभाने के लिए उन्हें कितनी तैयारी करनी पड़ी, इस सवाल पर रवि साह कहते हैं कि उन्हें इसके लिए बहुत ज्यादा अलग से रिसर्च नहीं करनी पड़ी।
रवि कहते हैं, “मैं खुद बिहारी हूं। ऐसे माहौल में पला-बढ़ा हूं। बिहार में राजनीति रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है। ऐसे किरदार आसपास मिल जाते हैं।” रवि के मुताबिक बिहार में गली-मोहल्लों से लेकर चौक-चौराहों तक राजनीति पर चर्चा होती रहती है। बचपन से नेताओं को सुनते और देखते आए हैं, इसलिए इस किरदार की बॉडी लैंग्वेज और माहौल उनके लिए पूरी तरह अनजान नहीं था। उनका कहना है कि कई लोगों ने उनसे यह तक कहा कि वह नेता के किरदार में बिल्कुल फिट बैठते हैं और ऐसा लगता है जैसे वह वास्तव में विधायक हों। हालांकि, रवि इसे दर्शकों का प्यार मानते हैं।पर्दे का ‘दद्दू’ क्या असल राजनीति में भी उतरेगा?पर्दे पर एक नेता का किरदार निभाने के बाद जब रवि साह से पूछा गया कि क्या भविष्य में वह खुद भी असली राजनीति में कदम रख सकते हैं, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि यह पूरी तरह परिस्थितियों पर निर्भर करता है।
रवि के मुताबिक फिलहाल उनका पूरा फोकस अपने करियर पर है। हालांकि, आने वाले समय में अगर उन्हें जनता का समर्थन मिला, लोगों की मांग रही और कोई अच्छा अवसर मिला, तो इस दिशा में सोचा जा सकता है। वह कहते हैं कि कई कलाकारों ने अभिनय के बाद राजनीति में कदम रखा है और अच्छा काम भी किया है। ऐसे में भविष्य की संभावनाओं से पूरी तरह इनकार नहीं किया जा सकता।अब मुख्य और बड़े किरदारों की ओर बढ़ना चाहते हैं रवि साहआगे किस तरह के किरदार निभाना चाहते हैं, इस सवाल पर रवि साह कहते हैं कि अब उनकी रुचि मुख्य और मजबूत किरदारों की ओर ज्यादा है।
वह बताते हैं कि उन्होंने अपने करियर में छोटे रोल भी किए हैं, लेकिन अब उन्हें लगता है कि एक मजबूत और पूरे विस्तार वाला किरदार ही अभिनेता की असली क्षमता को सामने लाता है। जब किसी कलाकार को पूरा किरदार मिलता है तो वह उसे बेहतर तरीके से निभा पाता है और दर्शकों को भी उसकी अभिनय क्षमता की पूरी रेंज देखने का मौका मिलता है। रवि कहते हैं, “इतने साल काम करने के बाद अब लगता है कि जो भी चैलेंजिंग रोल मिलेगा, उसे बखूबी निभाने की कोशिश करूंगा, जैसा अब तक करते आया हूं।” ‘ठुकरा के मेरा प्यार-2’ में मिले रिस्पॉन्स को लेकर वह कहते हैं कि इस बार उन्हें एक पूरा और मजबूत किरदार मिला। इसी वजह से वह अपनी क्षमता को बेहतर तरीके से दिखा पाए। अगर किरदार में सिर्फ कुछ ही दृश्य होते तो शायद उतना प्रभाव नहीं बन पाता।
अब रवि अपने पहले के अभिनय के दायरे से बाहर निकलकर बड़े और चुनौतीपूर्ण किरदार करना चाहते हैं।दद्दू के बाद अब ‘भैरव’ के रूप में नजर आएंगे रवि साह‘दद्दू प्रसाद’ के बाद रवि साह के प्रशंसकों के लिए एक और नया प्रोजेक्ट आने वाला है। रवि के मुताबिक अक्टूबर में एमएक्स अमेजॉन पर एक नया शो आने वाला है, जिसमें वह एक नए और दमदार किरदार में नजर आएंगे। इस शो में भी वह फुल-फ्लेज्ड कैरेक्टर में दिखाई देंगे। रवि कहते हैं कि ‘ठुकरा के मेरा प्यार’ में लोगों ने उन्हें दद्दू प्रसाद के रूप में पसंद किया और अब भगवान की कृपा तथा दर्शकों का ऐसा ही प्यार मिला तो ‘भैरव’ को लोग दद्दू से भी ज्यादा प्यार देंगे। हालांकि, उन्होंने इस अपकमिंग शो के बारे में फिलहाल ज्यादा जानकारी साझा करने से इनकार किया। उनका कहना है कि अभी वह शो को लेकर ज्यादा कुछ नहीं बता सकते, लेकिन उम्मीद है कि दर्शक इसे भी उतना ही प्यार देंगे।
तीसरे सीजन पर अभी कुछ तय नहीं‘
ठुकरा के मेरा प्यार’ के पहले और दूसरे सीजन की सफलता के बाद तीसरे सीजन की संभावना को लेकर भी रवि साह ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अभी तीसरे सीजन को लेकर कुछ भी तय नहीं है। रवि के मुताबिक सीरीज को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और दर्शकों की डिमांड भी है। ऐसे में आगे संभावनाएं बनी हुई हैं, लेकिन फिलहाल इस बारे में कोई निश्चित जानकारी नहीं दी जा सकती। वह कहते हैं कि अभी दर्शक दूसरा सीजन देख रहे हैं, इसलिए तीसरे सीजन को लेकर फिलहाल कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।दद्दू से भैरव तक, नए किरदारों की ओर रवि साह‘ठुकरा के मेरा प्यार-2’ में दयानिधि प्रसाद उर्फ दद्दू के रूप में रवि साह ने विलेन, राजनीति और कॉमेडी के अलग-अलग रंगों को एक ही किरदार में पेश किया है। अब दद्दू के बाद वह ‘भैरव’ के रूप में नए अंदाज में दर्शकों के सामने आने वाले हैं। अक्टूबर में आने वाले इस नए प्रोजेक्ट से रवि साह को काफी उम्मीदें हैं। वहीं, ‘ठुकरा के मेरा प्यार’ के तीसरे सीजन को लेकर फिलहाल तस्वीर साफ नहीं है, लेकिन रवि के मुताबिक दर्शकों की मांग और सीरीज को मिल रहे रिस्पॉन्स के कारण आगे की संभावनाएं बनी हुई हैं।

