नगर निगम के वार्डों की संख्या बढ़ाने को लेकर दुर्गापुर में सर्वदलीय बैठक
*बंगाल मिरर, दुर्गापुर, राजा बंदोपाध्यायः* दुर्गापुर नगर निगम में वार्डों की संख्या बढ़ाने को लेकर शुक्रवार को दुर्गापुर के महकमा शासक कार्यालय में सर्वदलीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने उपस्थित होकर वार्डों के पुनर्विन्यास और संख्या बढ़ाने के मुद्दे पर अपनी राय रखी।तृणमूल कांग्रेस की ओर से बैठक में उज्ज्वल मुखोपाध्याय और धर्मेंद्र यादव उपस्थित थे। भाजपा की ओर से अभिजीत दत्त और पार्टी के प्रवक्ता सुमंत मंडल मौजूद थे। कांग्रेस की ओर से कांग्रेस नेता देवेश चक्रवर्ती उपस्थित रहे। वहीं, सीपीएम की ओर से विश्वरूप चट्टोपाध्याय और सिद्धार्थ बसु ने बैठक में हिस्सा लिया।













इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधि भी बैठक में मौजूद थे।बैठक में दुर्गापुर के महकमा शासक अंकिता अग्रवाल और दुर्गापुर नगर निगम के कमिश्नर अबुल कलाम आजाद इस्लाम भी उपस्थित थे। बैठक में वार्डों की संख्या बढ़ाने और उससे जुड़े पुनर्विन्यास के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। आयोग द्वारा मान्यता प्राप्त सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दुर्गापुर नगर निगम के वार्डों की संख्या 43 से बढ़ाकर 53 करने का प्रस्ताव दिया गया है।
बैठक के बाद राजनीतिक दलों के नेताओं ने कहा कि वे अपनी-अपनी पार्टी के स्तर पर चर्चा करने के बाद प्रशासन को अपनी राय बताएंगे।गौरतलब है कि वर्ष 2017 में आखिरी बार दुर्गापुर नगर निगम का चुनाव हुआ था। उस बोर्ड का कार्यकाल 2022 में समाप्त हो गया। इसके बाद तृणमूल कांग्रेस की सरकार ने यहां अब तक चुनाव नहीं कराया है।

