अंडाल में ईसीएल की कोलियरी में एयर ब्लास्ट, बाल-बाल बचे खदानकर्मी
*बंगाल मिरर, अंडाल, राजा बंदोपाध्याय:* ईसीएल के केंदा एरिया की सिंदुली कोलियरी में सोमवार सुबह एयर ब्लास्ट हुआ। ब्लास्ट इतना जोरदार था कि कोयला खदान के आसपास के इलाके बाउरी पाड़ा और माझी पाड़ा तक कांप उठे। इस घटना से पूरे इलाके में हलचल और दहशत फैल गई। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। खदानकर्मी बाल-बाल बच गए।जानकारी के अनुसार, रविवार की नाइट शिफ्ट का काम खत्म होने के बाद सोमवार सुबह खदान के अंदर केवल मेंटेनेंस यानी रखरखाव का काम चल रहा था। उस समय वहां केवल 2 कर्मचारी ड्यूटी पर थे। दोनों कर्मचारियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।













बाद में उन्हें स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल भेजा गया।स्थानीय निवासियों और खदान विशेषज्ञों का कहना है कि यदि यह दुर्घटना किसी सामान्य कार्य दिवस में हुई होती, तो खदान के अंदर 100 से अधिक श्रमिक फंस सकते थे। इससे बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हो सकता था।ईसीएल सूत्रों के अनुसार, बंद पड़े शंकरपुर ओसीपी (ओपन कास्ट प्रोजेक्ट) और पुराने बंद सीम से बड़ी मात्रा में पानी रिसकर भूमिगत खदान में प्रवेश कर रहा था।
इसी दबाव के कारण एयर ब्लास्ट की घटना हुई।घटना की सूचना मिलते ही ईसीएल के उच्चाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। सुरक्षा के मद्देनजर पूरी कोलियरी क्षेत्र को घेर लिया गया है।इस गंभीर दुर्घटना के बाद कोलियरी के संचालन और उसके भविष्य को लेकर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।प्रसंगवश, सिंदुली कोलियरी में करीब 550 श्रमिक कार्यरत हैं। ईसीएल सूत्रों के अनुसार, इस कोलियरी से प्रतिदिन औसतन 220 टन कोयले का उत्पादन होता है।

