आसनसोल में दोगुना किराया मांगने के विरोध में प्रदर्शन, महिला यात्री से अभद्र व्यवहार का आरोप, चालक के खिलाफ हंगामा
*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय:* आसनसोल के हट्टन रोड पर ट्रैफिक नियंत्रण के लिए वन-वे किए जाने और कई अन्य सड़कों पर टोटो के परिचालन पर प्रतिबंध लगाए जाने से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। इसके साथ ही पिछले कुछ दिनों से टोटो चालकों की मनमानी भी लगातार बढ़ती जा रही है। अचानक किराया दोगुना कर दिया गया है। आरोप है कि निर्धारित बढ़ा हुआ किराया नहीं देने पर चालक यात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार भी कर रहे हैं।ऐसी ही एक घटना को लेकर मंगलवार रात आसनसोल के हट्टन रोड स्थित रासडांगा मोड़ के पास तनाव फैल गया।











घटना के विरोध में रासडांगा मोड़ पर इलाके की महिलाएं और पुरुष सड़क पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने टोटो का परिचालन बंद कराकर प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर आसनसोल दक्षिण ट्रैफिक गार्ड की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को भी लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा।जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब आठ बजे एक महिला जीटी रोड के हट्टन रोड मोड़ से टोटो में सवार होकर रासडांगा मोड़ पहुंचीं। उन्होंने 10 रुपये किराया दिया।


लेकिन टोटो चालक ने 20 रुपये की मांग की। महिला ने इसका विरोध करते हुए कहा कि इस रूट का किराया तो 20 रुपये किया गया है। महिला ने सवाल किया कि किराया दोगुना किसने किया है? चालक जबरदस्ती 20 रुपये किराया देने की बात कहता रहा।इसी बात को लेकर काफी देर तक दोनों के बीच बहस हुई। आरोप है कि इसी दौरान टोटो चालक ने महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें धक्का भी मारा।
इससे इलाके में स्वाभाविक रूप से तनाव फैल गया। हंगामा देखकर इलाके की काफी संख्या में महिलाएं और आसपास के दुकानदार वहां पहुंच गए। उन्होंने सड़क पर उतरकर टोटो का परिचालन बंद कर दिया। इसी बीच मौका पाकर उक्त टोटो चालक वहां से फरार हो गया।इलाके के लोगों ने हट्टन रोड को वन-वे किए जाने और टोटो का किराया दोगुना किए जाने को लेकर भी विरोध जताया। उन्होंने कहा कि इस सड़क पर टोटो चलने नहीं दिया जाएगा।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने पुलिस को घेरकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस अधिकारी से सवाल किया कि किसके निर्देश पर हट्टन रोड को वन-वे किया गया है? साथ ही टोटो का किराया दोगुना करने का निर्देश किसने दिया है?स्थानीय लोगों का कहना था कि इस तरह के फैसलों के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों के सवालों और आक्रोश के बीच पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस मामले में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। इससे स्थानीय लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।करीब एक घंटे तक विरोध प्रदर्शन चलता रहा। अंततः पुलिस द्वारा पूरे मामले को लेकर उच्च अधिकारियों से बात करने का आश्वासन दिए जाने के बाद स्थिति सामान्य हुई।

