एक साल पहले कुल्टी में हुई हत्या की घटना मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 5 दिनों की पुलिस हिरासत
*बंगाल मिरर, कुल्टी, राजा बंदोपाध्याय:*19 अगस्त 2025 को आसनसोल के कुल्टी थाना अंतर्गत नियामतपुर फांड़ी क्षेत्र के चिनाकुड़ी में गोपाल महतो हत्याकांड के मुख्य आरोपी अनिल नुनिया को नियामतपुर फांड़ी की पुलिस ने बर्दवान से गिरफ्तार किया।बुधवार को गिरफ्तार आरोपी को आसनसोल अदालत में पेश किया गया। जांच के हित में पुलिस ने अदालत के न्यायाधीश से अनिल नुनिया की पांच दिनों की पुलिस हिरासत की मांग की। न्यायाधीश ने अनिल नुनिया की जमानत याचिका खारिज करते हुए उसे पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।











पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस हत्याकांड की जांच के दौरान इससे पहले अनिल नुनिया की पत्नी हेना देवी, रॉकी नुनिया, कृष्णा नुनिया और पंकज नुनिया को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का दावा है कि उनसे पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर जांचकर्ताओं को अनिल नुनिया के बारे में सुराग मिला। इसके बाद अभियान चलाकर मंगलवार को उसे बर्दवान से गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने बताया कि फिलहाल पांच दिनों की पुलिस हिरासत में लेकर अनिल नुनिया से पूछताछ की जा रही है। इस हत्याकांड के पीछे क्या कारण था और घटना में कोई और व्यक्ति शामिल है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।


