Asansol DRUCC सदस्य बने आसनसोल चेम्बर ऑफ कॉमर्स के सचिव शंभूनाथ झा, व्यवसायियों में खुशी
बंगाल मिरर, आसनसोल: आसनसोल चेम्बर ऑफ कॉमर्स के सचिव श्री शंभूनाथ झा को ईस्टर्न रेलवे के महाप्रबंधक कार्यालय द्वारा 1 सितंबर 2026 से 31 अगस्त 2028 तक के कार्यकाल के लिए डिविजनल रेलवे यूजर्स कंसल्टेटिव कमेटी (DRUCC), ईस्टर्न रेलवे, आसनसोल डिवीजन का सदस्य मनोनीत किया गया है। इस मनोनयन की खबर से आसनसोल चेम्बर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों एवं आसनसोल अंचल के व्यवसायियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।











यह सर्वविदित है कि श्री शंभूनाथ झा हमेशा से व्यवसायियों की समस्याओं, अधिकारों एवं हितों को लेकर मुखर रहे हैं। वे विभिन्न सरकारी विभागों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष व्यवसायियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते रहे हैं और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत रहते हैं।
रेलवे की इस महत्वपूर्ण समिति में उनके मनोनयन से आसनसोल अंचल के व्यवसायियों के साथ-साथ आम जनता को भी काफी उम्मीदें हैं। लोगों को आशा है कि श्री झा रेलवे से संबंधित समस्याओं को प्रभावी ढंग से समिति के समक्ष रखेंगे तथा यात्रियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को बेहतर रेलवे सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।


आसनसोल एक महत्वपूर्ण औद्योगिक एवं व्यावसायिक क्षेत्र है। यहां के व्यापार, उद्योग और जनसुविधाओं के विकास में रेलवे की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में DRUCC के सदस्य के रूप में श्री शंभूनाथ झा से अपेक्षा की जा रही है कि वे रेलवे की यात्री सुविधाओं में सुधार, व्यापारिक आवश्यकताओं, माल परिवहन तथा रेलवे से संबंधित स्थानीय समस्याओं को उचित मंच पर उठाकर उनके समाधान के लिए सार्थक पहल करेंगे।
श्री शंभूनाथ झा की पहचान एक सक्रिय, जुझारू एवं स्पष्टवादी व्यवसायी नेता के रूप में रही है। व्यवसायियों की आवाज को विभिन्न विभागों तक पहुंचाने के उनके प्रयासों को देखते हुए इस मनोनयन को आसनसोल अंचल के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है।
आसनसोल के व्यवसायियों एवं आम नागरिकों को उम्मीद है कि श्री शंभूनाथ झा अपने नए दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा, सक्रियता और जनहित की भावना के साथ करेंगे तथा आसनसोल डिवीजन में रेलवे सुविधाओं के विकास एवं सुधार के लिए अपनी प्रभावशाली भूमिका निभाएंगे।

