Durgapur Accident: ट्रक के पीछे बाइक टकराने से 3 की मौत, 2 Burnpur के
बंगाल मिरर, दुर्गापुर, राजा बंद्योपाध्याय: (Durgapur Accident) दुर्गापूजा की सप्तमी की सुबह दुर्गापुर में एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो दोस्त और उनकी एक महिला मित्र शामिल हैं। हादसे की खबर से इलाके में शोक की लहर फैल गई है।











प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह बाइक सवार तीनों लोग दुर्गापुर के भिरिंगी मोड़ से पियाला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उनकी बाइक आगे चल रहे एक ट्रक के पीछे जोरदार तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को तत्काल दुर्गापुर महकमा अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।


मृतकों की पहचान सायन गोस्वामी, तन्मय घोष और कृष्णा गांगुली के रूप में हुई है। सायन और तन्मय आसनसोल के हीरापुर थाना क्षेत्र के बर्नपुर के निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि कृष्णा गांगुली का घर बांकुड़ा में बताया गया है।हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन दुर्गापुर के लिए रवाना हो गए। सप्तमी की सुबह हुए इस दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

