ASANSOL

Vande Bharat Sleeper : Asansol होकर चलेगी हावड़ा–नई दिल्ली ! राजधानी से भी तेज सफर की उम्मीद

बंगाल मिरर, आसनसोल। पश्चिम बंगाल के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। हावड़ा से नई दिल्ली के बीच प्रस्तावित वंदे भारत स्लीपर ट्रेन (Vande Bharat Sleeper ) आसनसोल होकर चल सकती है। बताया जा रहा है कि पिछले सप्ताह मुंबई में आयोजित ऑल इंडिया रेलवे टाइम टेबल कॉन्फ्रेंस में इस ट्रेन के परिचालन को हरी झंडी मिलने की खबर सामने आई है। हालांकि, रेलवे की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।फिलहाल आसनसोल होकर दिल्ली जाने वाली दो राजधानी एक्सप्रेस ट्रेनें चलती हैं। ऐसे में यदि हावड़ा–नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को आसनसोल होकर चलाने की योजना पर मुहर लगती है, तो इस महत्वपूर्ण रेल मार्ग पर यात्रियों को एक और आधुनिक और तेज रेल सेवा का विकल्प मिल सकता है।

बताया जा रहा है कि प्रस्तावित ट्रेन हावड़ा से दिल्ली के बीच राजधानी एक्सप्रेस से भी कम समय में सफर पूरा कर सकती है। आसनसोल के अलावा इस ट्रेन का ठहराव धनबाद, गया, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज और कानपुर सेंट्रल में प्रस्तावित है। हालांकि, यात्रा के वास्तविक समय और ठहराव की जानकारी आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगी।

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की क्या हैं खूबियां?

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को लंबी दूरी की रात की यात्रा को आरामदायक बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसमें सभी कोच वातानुकूलित यानी एसी होंगे और यात्रियों को सोने के लिए आधुनिक स्लीपर बर्थ की सुविधा मिलेगी।ट्रेन में आधुनिक इंटीरियर, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, स्वचालित दरवाजे, उन्नत सुरक्षा प्रणाली और आधुनिक यात्री सूचना सुविधाएं जैसी खूबियां शामिल हैं। लंबी दूरी की यात्रा के दौरान यात्रियों की सुविधा, स्वच्छता और आराम को ध्यान में रखकर इसका डिजाइन तैयार किया गया है।

आसनसोल के यात्रियों को मिलेगी नई सुविधा

आसनसोल पूर्व रेलवे का एक महत्वपूर्ण जंक्शन है और दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए प्रमुख रेल केंद्रों में शामिल है। यदि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को यहां ठहराव मिलता है, तो पश्चिम बर्धमान जिले के यात्रियों को दिल्ली और हावड़ा के बीच यात्रा करने का एक नया विकल्प मिल सकता है।फिलहाल ट्रेन के अंतिम रूट, आसनसोल में ठहराव, किराये और परिचालन शुरू होने की तारीख को लेकर रेलवे की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

,

 

News Editor

Mr. Chandan | Senior News Editor Profile Mr. Chandan is a highly respected and seasoned Senior News Editor who brings over two decades (20+ years) of distinguished experience in the print media industry to the Bengal Mirror team. His extensive expertise is instrumental in upholding our commitment to quality, accuracy, and the #ThinkPositive journalistic standard.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *