Assembly Elections 2022 : हिमाचल प्रदेश में चुनाव का ऐलान, 12 नवंबर को वोटिंग
Assembly Elections 2022: भारतीय निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार, 14 अक्टूबर 2022 को दोपहर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हिमाचल प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का एलान कर दिया है। इसी के साथ भारतीय निर्वाचन आयोग ने अक्टूबर के त्योहार के माहौल में लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व यानि चुनाव के माहौल को जोड़ने का कार्य सम्पन्न किया।




12 नवंबर को 68 सीटों पर होगी वोटिंग
निर्वाचन आयोग ने बताया कि हिमाचल प्रदेश की सभी 68 सीटों पर एक चरण में चुनाव होगा। इस संबंध में 12 नवंबर को वोटिंग होगी और आठ दिसंबर को नतीजे आएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस में की। इस मौके पर चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडेय भी मौजूद रहे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में 68 सीटों के लिए 12 नवंबर को वोटिंग होंगी। इस संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने कहा, भारतीय निर्वाचन आयोग स्वतंत्र, निष्पक्ष और प्रलोभन मुक्त तरीके से विधानसभा का आगामी चुनाव कराने के लिए प्रतिबंद्ध है। भारतीय निर्वाचन आयोग का प्रयास है कि वह वरिष्ठ नागरिकों दिव्यांगजनों, महिलाओं नए मतदाताओं की भागीदारी बहुत ही सशक्त तरीके से आने वाले चुनावों में कराए।
Assembly Elections 2022 : एक चरण में होगा मतदान
उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में एक चरण में मतदान होगा। इस संबंध में 17 अक्टूबर को अधिसूचना जारी की जाएगी जबकि 25 अक्टूबर तक नामांकन पत्र भरे जाएंगे। इनकी जांच 27 अक्टूबर को होगी। 29 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 12 नवंबर को होगा।
8 दिसंबर को आएगा चुनाव परिणाम
वहीं चुनाव के नतीजों की घोषणा आठ दिसंबर को की जाएगी। बता दें, हिमाचल प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल 08 जनवरी, 2023 को समाप्त हो रहा है। राज्य की 68 विधानसभा सीटों में से 17 अनुसूचित जाति और तीन अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। राज्य में कुल 55 लाख 07 हजार 261 वोटर हैं। इनमें से 67, 532 सेवा मतदाता और 56,001 दिव्यांग मतदाता हैं। 80 वर्ष के ऊपर के मतदाता 1,22,087 हैं और 100 की उम्र पार कर चुके मतदाता 1,184 हैं। 02 जनवरी से 01 अक्टूबर के बीच 18 वर्ष के होने वाले 43,173 मतदाता हैं।