डीवीसी पावर प्लांट के पास सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत, प्रदर्शन से तनाव
बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय: अंडाल थाना क्षेत्र के दामोदर वैली कॉरपोरेशन (डीवीसी) के दुर्गापुर स्टील थर्मल पावर स्टेशन के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग रूपलाल हेम्ब्रम की मौत हो गई। यह हादसा छाई (राख) ढोने वाले एक अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से हुआ। मृतक अंडाल मोड़ का निवासी था।हादसे के बाद इलाके में तनाव फैल गया। गुस्साए स्थानीय लोग और मृतक के परिजन घटनास्थल पर जमा हो गए और मृतक के आश्रितों के लिए उचित मुआवजे की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर विरोध दर्ज किया, जिससे यातायात कुछ समय के लिए ठप हो गया। सूचना पर अंडाल थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। काफी प्रयासों के बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर कर स्थिति को सामान्य किया। इसके बाद, मृतक रूपलाल हेम्ब्रम के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।




स्थानीय लोगों ने इस हादसे का जिम्मेदार डीवीसी पावर प्लांट से छाई ढोने वाले वाहनों की तेज और लापरवाह रफ्तार को ठहराया। उनका आरोप है कि ये वाहन यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए अत्यधिक गति से चलते हैं, जिसके कारण क्षेत्र में बार-बार दुर्घटनाएं हो रही हैं। निवासियों ने बताया कि पहले भी कई बार इन वाहनों की लापरवाही से छोटे-मोटे हादसे हो चुके हैं। उन्होंने प्रशासन से वाहनों की गति पर नियंत्रण और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ दोषी वाहन चालक की तलाश कर रही है।