पहले दिन की माध्यमिक परीक्षा शांतिपूर्ण, साढ़े चार सौ से अधिक परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित
बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय: माध्यमिक परीक्षा 2026 की शुरुआत सोमवार से हुई। पश्चिम बर्धमान जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अनुसार जिले में पहले दिन फर्स्ट लैंग्वेज (प्रथम भाषा) की परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और निर्विघ्न रूप से संपन्न हुई। किसी भी परीक्षा केंद्र से किसी प्रकार की अव्यवस्था या गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली। जिला प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के सूत्रों के अनुसार, इस वर्ष पश्चिम बर्धमान जिले में कुल 30,442 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से पहले दिन 29,987 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। यानी कुल 455 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे, जो प्रतिशत के हिसाब से लगभग 1.5 प्रतिशत है।














जिले में इस बार महिला परीक्षार्थियों की संख्या 16,834 थी, जिनमें से 16,492 छात्राओं ने परीक्षा दी। महिला परीक्षार्थियों में अनुपस्थित रहने वालों की संख्या 342 रही, जो लगभग 2.03 प्रतिशत है। वहीं पुरुष परीक्षार्थियों की कुल संख्या 13,608 थी, जिनमें से 13,495 ने परीक्षा दी और 113 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।आसनसोल महकमा में 7,051 नियमित पुरुष परीक्षार्थियों में से 7,013 और 8,645 नियमित महिला परीक्षार्थियों में से 8,576 ने परीक्षा दी। इसी तरह दुर्गापुर महकमा में 5,255 नियमित पुरुष परीक्षार्थियों में से 5,206 और 6,105 नियमित महिला परीक्षार्थियों में से 6,039 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अनुसार, पहले दिन पश्चिम बर्धमान जिले में दो परीक्षार्थी अस्वस्थ होने के बावजूद अस्पताल से परीक्षा देने में सफल रहे।
इनमें से एक परीक्षार्थी हिमांशु माझी हैं, जिनका परीक्षा केंद्र बर्नपुर का नरसुमदा जनकल्याण हाई स्कूल था, लेकिन अस्वस्थ होने के कारण उन्होंने आसनसोल ईएसआई अस्पताल से परीक्षा दी। दूसरी परीक्षार्थी वर्षा बागदी हैं, जिनका परीक्षा केंद्र दुर्गापुर के गोपालपुर हाई स्कूल में था और उन्होंने दुर्गापुर महकमा अस्पताल से परीक्षा दी।बोर्ड सूत्रों ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से सरकारी अस्पतालों में अस्वस्थ परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा देने की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।

