Asansol बोर्ड बैठक में जोरदार हंगामा, जल संकट और सफाई व्यवस्था पर गरमाया माहौल
बंगाल मिरर, आसनसोल: आसनसोल नगर निगम की हालिया बोर्ड बैठक काफी हंगामेदार रही, जहां विभिन्न मुद्दों को लेकर पार्षदों के बीच तीखी बहस और नोकझोंक देखने को मिली। मेयर बिधान उपाध्याय की गैर मौजूदगी में खासकर चुनाव के दौरान उत्पन्न जल संकट का मुद्दा बैठक में छाया रहा, जिस पर पार्षदों ने अधिकारियों से कड़ी जवाबदेही की मांग की। चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान शहर के कई इलाकों में पेयजल की कमी को लेकर पार्षदों ने नाराजगी जताई और आरोप लगाया कि समय पर उचित व्यवस्था नहीं की गई। इसके साथ ही सफाई व्यवस्था को लेकर भी जमकर हंगामा हुआ। कई पार्षदों ने शहर में गंदगी और नियमित सफाई नहीं होने का मुद्दा उठाते हुए निगम प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए।स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब एक अभियंता को लेकर कुछ पार्षद आक्रामक हो गए। बैठक में उपमेयर अभिजीत घटक वसीमुल हक समेत अन्य पार्षद उपस्थित थे।














आरोप है कि उक्त अभियंता के कार्यों से असंतोष जताते हुए पार्षदों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। इस दौरान बैठक का माहौल पूरी तरह गरमा गया और कुछ समय के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई।हालांकि, मौजूद पदाधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया और बैठक को आगे बढ़ाया गया। निगम प्रशासन ने आश्वासन दिया कि जल संकट और सफाई से जुड़े मुद्दों पर जल्द ही ठोस कदम उठाए जाएंगे।इस हंगामेदार बैठक ने एक बार फिर शहर की बुनियादी समस्याओं और प्रशासनिक चुनौतियों को उजागर कर दिया है। अब देखना होगा कि नगर निगम इन समस्याओं के समाधान के लिए क्या कदम उठाता है।

