ASANSOL

यही रात भारी….मतगणना से पहले मंदिरों में उम्मीदवारों की भीड़, जीत के लिए मांगा आशीर्वाद

बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय:विधानसभा चुनाव की मतगणना से ठीक एक दिन पहले आसनसोल औद्योगिक क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। रविवार को सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और प्रमुख विपक्षी भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार मंदिरों में पूजा-अर्चना कर जीत की कामना करते नजर आए। उम्मीदवारों के मन में शायद यही ख्याल आ रहा है यही रात अंतिम यही रात भारी…..।आसनसोल उत्तर से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार मलय घटक ने बर्नपुर के बारी मैदान काली मंदिर में पूजा की। उन्होंने बताया कि वह एक रक्तदान शिविर में शामिल होने से पहले आशीर्वाद लेने मंदिर पहुंचे। साथ ही उन्होंने एग्जिट पोल की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए 2021 के चुनाव का उदाहरण दिया।

वहीं कुल्टी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार डॉ. अजय पोद्दार ने बराकर के सिद्धेश्वरी मंदिर और कल्याणेश्वरी मंदिर में पूजा कर दिन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि उन्हें जनता का पूरा समर्थन मिल रहा है और वे जीत को लेकर आश्वस्त हैं। आसनसोल उत्तर के भाजपा प्रत्याशी कृष्णेंदू मुखर्जी ने आसनसोल महावीर स्थान और कल्याणेश्वरी मंदिर में पूजा अर्चना कर जीत के लिए आशीर्वाद मांगा।आसनसोल दक्षिण से भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पाल ने भी बर्नपुर के बारी मैदान काली मंदिर में पूजा की। उन्होंने दावा किया कि 4 मई राज्य के लिए ऐतिहासिक दिन होगा और भाजपा को भारी जीत मिलेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “डबल इंजन” सरकार बनने की बात कही और राज्य सरकार पर विकास न करने का आरोप लगाया।

इसी तरह पांडवेश्वर से भाजपा उम्मीदवार जितेंद्र तिवारी ने कुमारडीही काली मंदिर में पूजा कर जनता के फैसले को स्वीकार करने की बात कही। उन्होंने कहा कि अगर जनता मौका देती है तो वे क्षेत्र के विकास के लिए काम करेंगे, अन्यथा विपक्ष की भूमिका निभाएंगे।अब कुछ ही घंटों में राज्य में हाई वोल्टेज चुनाव परिणाम सामने आने वाले हैं। किसके सिर सजेगा जीत का ताज, यह जानने के लिए पूरे बंगाल की नजरें मतगणना पर टिकी हुई हैं।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *