ASANSOLKULTI-BARAKAR

ड्रेन की सफाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी, बारिश का पानी घरों में घुसने का आरोप

बंगाल मिरर, नियामतपुर : कुल्टी बोरो अंतर्गत नियामतपुर के 59 नंबर वार्ड स्थित विष्णुबिहार कॉलोनी में ड्रेन की नियमित सफाई नहीं होने से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। इलाके के निवासियों का आरोप है कि नालियां जाम रहने के कारण बारिश का पानी सड़कों से होते हुए घरों में घुस रहा है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात शुरू होते ही जलजमाव की समस्या गंभीर रूप ले लेती है। नालियों में गंदगी और कचरा जमा होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। इससे कई घरों में पानी भरने की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।इसी समस्या को लेकर इलाके की एक पूर्व हाई स्कूल शिक्षिका समेत कई स्थानीय निवासियों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया और जल्द से जल्द उचित व्यवस्था करने की मांग की।मामले की जानकारी मिलने के बाद भाजपा नेता टिंकू वर्मा के नेतृत्व में मंगलवार सुबह करीब 8 बजे से इलाके में ड्रेन सफाई अभियान शुरू किया गया। सफाई कार्य के दौरान नालियों से जमा कचरा और गाद निकाला गया, ताकि बारिश के पानी की निकासी सुचारु रूप से हो सके।

स्थानीय लोगों ने सफाई कार्य शुरू होने पर राहत की उम्मीद जताई है। उनका कहना है कि यदि समय-समय पर नालियों की सफाई होती रहे तो जलजमाव की समस्या से काफी हद तक निजात मिल सकती है। वहीं लोगों ने प्रशासन से इलाके में स्थायी ड्रेनेज व्यवस्था सुधारने की भी मांग की है, ताकि हर वर्ष बरसात में होने वाली परेशानी से छुटकारा मिल सके।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *