राज्य में अब नहीं चलेगी अवैध पार्किंग”, Asansol बनेगा Smart City : मंत्री अग्निमित्रा पॉल
“बंगाल मिरर,एस सिंह , बर्नपुर :आसनसोल समेत पूरे राज्य में अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकेत देते हुए राज्य की नगर विकास एवं शहरी मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने रविवार को बर्नपुर में स्पष्ट संदेश दिया कि नई सरकार शहरों को अधिक व्यवस्थित, अनुशासित और यातायात-अनुकूल बनाने के लिए ठोस कदम उठा रही है।पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री ने कहा कि शहरों में सड़कों के दोनों किनारों पर अवैध रूप से वाहन खड़े करने की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जाएगी। अब केवल निर्धारित एक ओर ही पार्किंग की अनुमति होगी। इसके लिए पार्किंग क्षेत्रों का विधिवत डिमार्केशन किया जाएगा तथा रंग और विशेष टैग के माध्यम से उन्हें चिह्नित किया जाएगा, ताकि आम नागरिक आसानी से वैध पार्किंग स्थल की पहचान कर सकें।उन्होंने बताया कि पार्किंग संचालन से जुड़े कर्मचारियों के लिए यूनिफॉर्म पहनना अनिवार्य किया जाएगा। साथ ही पार्किंग स्लिप जारी करने की प्रक्रिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी। सरकार का उद्देश्य यातायात जाम को कम करना तथा पूरी तरह पारदर्शी और नियंत्रित पार्किंग व्यवस्था विकसित करना है।














अग्निमित्रा पॉल ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “किसी भी प्रकार की अवैध पार्किंग को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”स्मार्ट सिटी परियोजना को लेकर मंत्री ने कहा कि इस संबंध में राज्य सरकार और केंद्र सरकार के बीच चर्चा हुई है। राज्य में चार नए स्मार्ट सिटी विकसित किए जाएंगे, जिनमें उनका गृह शहर आसनसोल भी शामिल है। अन्य तीन शहरों का चयन मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ चर्चा के बाद किया जाएगा।रविवार शाम मंत्री ने बर्नपुर में भारती भवन और प्रांतिक क्लब द्वारा आयोजित दो अलग-अलग कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया और स्थानीय लोगों से संवाद किया।

