Burnpur गुरुद्वारा स्कूल में अनियमितताओं का आरोप, जांच की मांग को लेकर पहुंचे भाजपा नेता
बंगाल मिरर, एस सिंह , बर्नपुर : बर्नपुर स्थित गुरुद्वारा स्कूल में कथित अनियमितताओं और वित्तीय गड़बड़ियों को लेकर मंगलवार को भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल स्कूल पहुंचा। भाजपा नेता अनमोल सिंह, भाजपा माइनॉरिटी मोर्चा के प्रतिनिधियों तथा भाजपा आसनसोल साउथ मंडल-2 के अध्यक्ष रामानंद साह ने स्कूल के प्रिंसिपल से मुलाकात कर विभिन्न शिकायतों के संबंध में चर्चा की।भाजपा नेताओं ने बताया कि उन्हें पिछले कई दिनों से छात्रों के अभिभावकों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों में फीस वसूली, मिड डे मील योजना में कथित अनियमितता तथा स्कूल प्रबंधन से जुड़े अन्य कई मुद्दों का उल्लेख किया गया था। इन शिकायतों के आधार पर भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने स्कूल पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली।














भाजपा नेता अनमोल सिंह ने आरोप लगाया कि जहां सरकारी नियमों के अनुसार छात्रों से मात्र 240 रुपये शुल्क लिए जाने का प्रावधान है, वहीं स्कूल में 2500 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल में कई प्रकार की अनियमितताएं और भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आई हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।उन्होंने स्कूल प्रबंधन समिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस से जुड़े कुछ लोग लंबे समय से समिति में बने हुए हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। अनमोल सिंह ने दावा किया कि प्रशासनिक स्तर पर मामले को उठाकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी।वहीं भाजपा आसनसोल साउथ मंडल-2 के अध्यक्ष रामानंद साह ने कहा कि प्रिंसिपल के साथ हुई बातचीत के दौरान यह बात भी सामने आई कि स्थानीय विधायक Agnimitra Paul को स्कूल के कार्यक्रमों में आमंत्रित करने को लेकर भी आपत्तियां जताई जाती थीं।
उन्होंने कहा कि इस विषय की भी जांच होनी चाहिए।भाजपा नेताओं ने कहा कि पूरे मामले को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज कराई जाएगी और स्कूल में लगाए गए आरोपों की जांच कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल स्कूल प्रबंधन की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

