बर्नपुर में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, टीएमसी पार्षद के कार्यालय को किया ध्वस्त
बंगाल मिरर, एस सिंह, बर्नपुर: बर्नपुर के पूर्णिया तालाब इलाके में शनिवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वार्ड संख्या 80 के तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पार्षद राकेश शर्मा के कार्यालय पर बुलडोजर चला दिया। बताया जा रहा है कि उक्त कार्यालय सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बनाया गया था।प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से कार्यालय को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान इलाके में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।














स्थानीय सूत्रों के अनुसार, लंबे समय से उक्त निर्माण को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। जांच के बाद प्रशासन ने इसे अवैध निर्माण मानते हुए हटाने का निर्णय लिया। बुलडोजर कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर मौजूद रहे।हालांकि, इस मामले में पार्षद राकेश शर्मा या तृणमूल कांग्रेस की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।इस कार्रवाई के बाद इलाके में राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया जाएगा।


