सलानपुर में आधी रात भीषण आग घर और कपड़ों की दुकान जलकर राख, 3 लोग झुलसे
*बंगाल मिरर, सलानपुर, राजा बंदोपाध्यायः*आधी रात को हुए भीषण अग्निकांड में एक घर और कपड़ों की दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई। इस घटना में दुकान मालिक एवं गृहस्वामी उदय घोष, उनकी पत्नी पम्पा घोष सहित तीन लोग झुलस गए। इनमें पम्पा घोष के शरीर का बड़ा हिस्सा आग से झुलस गया है। सभी घायलों को आसनसोल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।यह सनसनीखेज घटना शुक्रवार रात आसनसोल के सलानपुर ब्लॉक के रूपनारायणपुर के निकट आछड़ा गांव में हुई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, उदय घोष का तीन मंजिला मकान आसनसोल-चित्तरंजन संपर्क मार्ग (सामडी रोड) पर स्थित है।














मकान की निचली मंजिल में उनकी बड़ी रेडीमेड कपड़ों की दुकान थी। आगामी पूजा त्योहार को देखते हुए दुकान में बड़ी मात्रा में नया माल रखा गया था। शुक्रवार रात करीब डेढ़ बजे अचानक दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।उदय घोष की पत्नी को नींद में ही आग लगने का आभास हुआ। उन्होंने किसी तरह घर के अंदर वाले दरवाजे को खोलकर आग बुझाने की कोशिश की। उनके पति भी वहां पहुंच गए।

लेकिन दरवाजा खुलते ही आग की लपटों और भीषण गर्मी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। उदय घोष और उनकी पत्नी दोनों के पैर घुटनों तक बुरी तरह झुलस गए, जबकि उनके 12 वर्षीय बेटे का हाथ गंभीर रूप से जल गया।घटना की सूचना मिलते ही रूपनारायणपुर फाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीनों को छत से बचाकर बाहर निकाला गया। पुलिस ने पहले उन्हें पिठाकियारी ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आसनसोल के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।

फिलहाल वहीं उनका इलाज चल रहा है।आग की भीषणता इतनी अधिक थी कि दुकान में रखा कोई सामान नहीं बच पाया। दुकान के सभी कपड़े, महंगे फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गए। मकान को भी भारी नुकसान पहुंचा है। इस घटना से व्यवसायी के परिवार को भारी आर्थिक क्षति हुई है।जानकारी के अनुसार, इलाके के परिचित व्यवसायी उदय घोष की पत्नी पम्पा घोष पहले सलानपुर पंचायत समिति की तृणमूल कांग्रेस की निर्वाचित सदस्य रह चुकी हैं।
हालांकि हाल के वर्षों में उन्होंने राजनीति से दूरी बना ली थी। ऐसे में यह आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी एक सामान्य दुर्घटना है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं। रूपनारायणपुर फाड़ी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।इस भीषण हादसे के बाद रूपनारायणपुर क्षेत्र में स्थायी अग्निशमन केंद्र (फायर स्टेशन) की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में फायर स्टेशन न होने के कारण आग लगने पर दमकल की गाड़ियां दूर से पहुंचती हैं और तब तक काफी नुकसान हो चुका होता है।
उन्होंने तत्काल यहां अग्निशमन केंद्र स्थापित करने की मांग की है।वहीं पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार शाम तक उदय घोष की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं, लेकिन अभी तक कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई है। पुलिस ने पीड़ित परिवार से भी बातचीत की है।


