आसनसोल में अवैध पार्किंग पर सख्त हुईं मंत्री अग्निमित्रा पाल ‘स्टैंड के बाहर सवारी उठाने पर होगी कानूनी कार्रवाई’
*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्यायः* आसनसोल शहर में यातायात जाम कम करने और आम लोगों की आवाजाही को सुगम बनाने के उद्देश्य से राज्य की नगर एवं शहरी विकास मंत्री तथा आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पाल ने अवैध पार्किंग और जगह-जगह बस एवं ऑटो खड़ा कर सवारी चढ़ाने-उतारने के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है।रविवार को मंत्री ने अचानक जीटी रोड स्थित शहर के व्यस्त और भीड़भाड़ वाले हटन रोड तथा सिटी बस स्टैंड मोड़ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित बस या ऑटो स्टैंड के अलावा कहीं भी यात्रियों को चढ़ाने या उतारने की अनुमति नहीं होगी।














नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर वाहनों के पहिए लॉक करने से भी प्रशासन पीछे नहीं हटेगा।निरीक्षण के दौरान अग्निमित्रा पाल ने ट्रैफिक गार्ड पुलिस को भी सख्त संदेश देते हुए कहा, “आम लोगों के हित में बसों को केवल निर्धारित स्टैंड पर ही खड़ा कराया जाए। सड़क पर कहीं भी बस या ऑटो खड़ा कर लोगों की आवाजाही में बाधा उत्पन्न न होने दी जाए।”
इस दौरान मंत्री ने सड़क पर नियम तोड़कर यात्रियों को चढ़ा रहे कई बसों और ऑटो को रोककर उनके चालकों को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्रियों के चढ़ने-उतरने की व्यवस्था केवल निर्धारित स्टैंडों से ही सुनिश्चित करनी होगी। अन्यथा कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।मंत्री ने आगे कहा कि आसनसोल को एक अधिक आधुनिक, स्वच्छ और व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करने के लिए प्रशासन की इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


