दुर्गापुर में जुए के अड्डे पर पुलिस की छापेमारी, 10 गिरफ्तार
*बंगाल मिरर, दुर्गापुर, राजा बंदोपाध्यायः* मुख्यमंत्री के कड़े निर्देशों के बाद पूरे राज्य में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान जारी है। इसी अभियान के तहत रविवार को दुर्गापुर-फरीदपुर थाना क्षेत्र के इच्छापुर मुस्लिमपाड़ा में चल रहे एक अवैध जुए के अड्डे पर पुलिस ने छापेमारी कर 10 लोगों को गिरफ्तार किया। इस घटना से इलाके में काफी हलचल मच गई है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, इच्छापुर मुस्लिमपाड़ा में लंबे समय से खुलेआम अवैध जुए का अड्डा संचालित हो रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप था कि यहां केवल स्थानीय लोग ही नहीं, बल्कि आसपास के विभिन्न इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग जुटते थे।














इससे क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही थीं और आम नागरिक असुरक्षा महसूस कर रहे थे। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद जुए का यह अड्डा बंद नहीं हो रहा था।इसी बीच गुप्त सूचना के आधार पर रविवार रात दुर्गापुर-फरीदपुर थाना पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद लोग भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस की तत्परता के कारण वे भाग नहीं सके और मौके से ही 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार लोगों के नाम शेख मुस्ताक, शेख करीम, पवन साहनी, विक्रम मंडल, रामपाल सिंह, रवि डे, पिंटू मित्रा, बैद्यनाथ दत्ता और मिलन दत्ता बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार सभी आरोपी दुर्गापुर-फरीदपुर तथा आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं।सोमवार को गिरफ्तार आरोपियों को दुर्गापुर उप-मंडलीय न्यायालय में पेश किया गया। जांच के हित में पुलिस ने उनकी हिरासत की मांग की। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस अवैध जुए के कारोबार में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। साथ ही, भविष्य में इस प्रकार के अवैध जुए के अड्डे दोबारा न लग सकें, इसके लिए इलाके में निगरानी और सख्त कर दी गई है।


