अंडाल हवाई अड्डे पर पत्रकारों से मुखातिब हुए उद्योग मंत्री “बंगाल का औद्योगिक सूखा खत्म होने वाला है”, उद्योग मंत्री तापस राय का दावा
**बंगाल मिरर, अंडाल (पश्चिम बर्धमान), राजा बंदोपाध्यायः** पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर स्थित अंडाल के काजी नजरुल इस्लाम हवाई अड्डे पर शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्य के उद्योग मंत्री तापस राय ने पश्चिम बंगाल में औद्योगीकरण को लेकर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने दावा किया कि केवल पिछले 15 वर्षों का ही नहीं, बल्कि बंगाल में कई दशकों से चला आ रहा औद्योगिक सूखा अब समाप्त होने वाला है। राज्य में औद्योगिक विकास के एक नए युग की शुरुआत हो चुकी है।मंत्री ने कहा कि पिछले तीन महीनों में एक के बाद एक नए औद्योगिक परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई है।














उनका कहना था कि लंबे समय तक उद्योगों को लेकर कोई सुनियोजित पहल नहीं की गई थी, लेकिन वर्तमान राज्य सरकार उद्योग, आधारभूत संरचना और रोजगार—तीनों को समान महत्व देकर आगे बढ़ रही है।तापस राय ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल नए उद्योग स्थापित करना नहीं, बल्कि रोजगार के नए अवसर पैदा करना भी है। उनके अनुसार, रोजगार की तलाश में बड़ी संख्या में लोगों को दूसरे राज्यों में जाना पड़ा है। राज्य सरकार की कोशिश है कि उन प्रवासी श्रमिकों को वापस बंगाल लाकर यहीं रोजगार उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे अपने परिवारों के साथ रहकर आजीविका चला सकें।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के “विकसित बंगाल” और प्रधानमंत्री के “आत्मनिर्भर भारत” के विजन को ध्यान में रखते हुए औद्योगिक विकास की योजनाओं को लागू किया जा रहा है।अंडाल के काजी नजरुल इस्लाम हवाई अड्डे के बारे में उद्योग मंत्री ने कहा कि इस हवाई अड्डे को लेकर भविष्य में और भी बड़ी योजनाएँ हैं। वर्तमान में देश के कई शहरों के लिए हवाई सेवाएँ संचालित हो रही हैं, लेकिन आने वाले दिनों में नए रूट शुरू करने और यात्री सुविधाओं का विस्तार करने की पहल की जाएगी।
उन्होंने यह भी दावा किया कि हवाई अड्डे के पास पर्याप्त भूमि उपलब्ध होने के कारण आधारभूत संरचना के विस्तार में किसी प्रकार की समस्या नहीं होगी।उल्लेखनीय है कि इसी दिन राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी अंडाल हवाई अड्डे से हेलीकॉप्टर द्वारा बाँकुड़ा गए, जहाँ उन्होंने श्यामसेल के नए कारखाने की आधारशिला रखी। इस अवसर पर उद्योग मंत्री सहित राज्य के कई मंत्री उनके साथ मौजूद थे। हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री का स्वागत पश्चिम बर्धमान के जिलाधिकारी एस. पोन्नाबलम, आसनसोल-दुर्गापुर के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणब कुमार तथा जिले के भाजपा विधायकों ने किया।


